DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

महिला कमांडो ने महिला सेल प्रभारी पदमा जगत को दी विदाई,

पद्मश्री शमशाद बेगम ने कहा पदमा के साथ से जिले में महिला कमांडो हुई मजबूत

महिला कमांडो चलाएगी जिले में फिर से जरूरतमंद बच्चों को आर्थिक मदद की मुहिम

स्कूल-कॉलेज जाकर पॉक्सो एक्ट के बारे में करेगी जागरूक

बालोद। ग्राम पंचायत सिवनी के भवन में विगत दिनों महिला कमांडो टीम द्वारा बालोद जिले में महिला सेल के प्रभारी निरीक्षक पदमा जगत को विदाई दी गई। उनका सुकमा जिले में तबादला हुआ है। इस विदाई समारोह के दौरान महिला कमांडो उनके यहां से जाने की बात से भावुक हो गई और सभी ने पदमा जगत के कार्यों को याद किया। आयोजन के मुख्य अतिथि पद्मश्री शमशाद बेगम थी। जिन्होंने पदमा जगत को सम्मानित करते हुए कहा कि उनके कारण जिले में महिला कमांडो को गांव-गांव में मजबूती मिली। महिलाओं का हौसला बढ़ा। कहीं भी कोई भी समस्या आती थी तो सीधे उन्हें महिला कमांडो बेझिझक होकर फोन करती थी।

टाउन हॉल हो चाहे जिले में कहीं भी महिला कमांडो का कोई आयोजन हो, वहां पर महिला सेल प्रभारी पदमा जगत और उनकी टीम द्वारा महिला कमांडो को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाता था। इसके अलावा और भी कई अपराधों के बारे में सचेत किया जाता था। जिससे महिला कमांडो काफी जागरूक हुई। उनकी कमी हमेशा जिले में खलेगी। उन्होंने कहा कि अपराधों के प्रति जागरूकता अभियान चलाने में पदमा जगत ने बहुत अच्छा काम किया है। उनका कार्य हमेशा याद किया जाएगा। हाल ही में अभिव्यक्ति ऐप के प्रचार प्रसार में भी उन्होंने महिलाओं को जोड़ा है और ऐप का इस्तेमाल करना सिखाकर बताया कि कैसे महिलाएं खुद की रक्षा कर सकती है। महिला कमांडो के हर आयोजन में उनका विशेष योगदान रहा है। इस दौरान मौजूद अन्य अतिथियों ने भी पदमा जगत के साथ बिताए पल और अनुभव को साझा किया।

पोक्सो एक्ट के बारे में बच्चों व पालकों को बताएं

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पदमा जगत ने भी जिले में जो उन्हें बेहिसाब प्यार मिला, महिला कमांडो से जो लगाव हुआ उसे ना भुला पाने की बात कही। उन्होंने कहा कि जहां वे जा रही है सुकमा जिले, वहां भी वह महिला कमांडो का बीज बोने का प्रयास करेंगी। महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर और आत्मरक्षा के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने महिला कमांडो को खास तौर से पॉक्सो एक्ट के संबंध में बच्चों को जागरूक करने की नसीहत दी। कहा कि हम तो समय- समय प्रहिक्षण देते रहते हैं। लेकिन महिला कमांडो स्थानीय स्तर पर काम करती हैं। वह कभी भी स्कूल, कॉलेज में जाकर बच्चों को इसकी जानकारी दे सकते हैं। ताकि जिले में जो अपहरण, प्रेम प्रसंग के चलते भगा ले जाने व दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही है उसे रोका जा सके। महिला कमांडो से गांव के बच्चों पर नजर रखने को भी कहा गया। किसी अनहोनी होने की आशंका पर पुलिस को खबर देने की बात भी कही गई।

फिर से चलेगा गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए 300- 300 रुपए दान की पहल

महिला कमांडो द्वारा जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाई में आवश्यक मदद देने के लिए तीन-तीन सौ रुपए देने की फिर से शुरुआत की जाएगी। विगत वर्ष जिले भर में अभियान चलाकर 5000 से ज्यादा बच्चों को इस अभियान से लाभांवित किया गया था। गांव के दानदाताओं से चंदा कर महिला कमांडो जरूरतमंद बच्चों को उक्त राशि सौंपेंगे। इस राशि से बच्चे आवश्यक पाठ्य सामग्री व चीजें खरीद सकेंगे। सहयोगी जन कल्याण समिति के सचिव रफीक खान ने कहा कि इस अभियान का प्रतिसाद मिलने लगा है। विगत दिनों गुंडरदेही में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद डीएसपी नवनीत कौर ने तत्काल दो बच्चों के लिए ₹600 की राशि भेंट की। जिसे हमने मौके पर ही महिला कमांडो को जरूरतमंद बच्चों की मदद करने सुपुर्द किया।

विश्व शांति के लिए की गई प्रार्थना

विदाई समारोह के दौरान रूस यूक्रेन में चल रहे युद्ध को देखते हुए सभी ने विश्व शांति के लिए प्रार्थना भी की। इस दौरान महिला कमांडो सिवनी अध्यक्ष आशा देवांगन, रेखा निषाद, मीणा साहू, खेमिन साहू, सोहद्रा साहू, टिकेश्वरी, राजेश्वरी, बोरी से आई भीमेश्वरी शांडिल्य, दीपक यादव, पंच राकेश यादव,गुलशन सोनी सहित अन्य मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page