निपानी पहुंचे मंत्री प्रेमसाय ने की नेवारीकला हाई स्कूल के उन्नयन की घोषणा, पीपरछेड़ी व गुरुर में भी बनेगा नया भवन



बालोद। गुरुवार को बालोद ब्लाक के ग्राम निपानी में नवीन कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन का लोकार्पण हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम पहुंचे थे। अध्यक्षता करती अतिथि के रुप में विधायक संगीता सिन्हा भी मौजूद रही। विधायक संगीता सिन्हा, पूर्व विधायक भैया राम सिन्हा के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने मंच पर मंत्री टेकाम का बड़ी फूल माला से भव्य स्वागत सत्कार किया। मंत्री सहित विधायक ने सभा को संबोधित किया। मंत्री से क्षेत्र को लेकर राजनीतिक चर्चा भी हुई।
इस दौरान विधायक संगीता सिन्हा की मांग पर स्कूल शिक्षा विभाग मंत्री टेकाम ने बालोद ब्लाक के ग्राम नेवारी कला में संचालित हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी स्कूल में उन्नयन की घोषणा की। बता दें कि यह वही स्कूल है जिसे जन सहभागिता से ग्रामीणों द्वारा कक्षा 11वीं, 12वीं का संचालन किया जा रहा है। बाकी शासन से मान्यता यहां दसवीं तक ही है। इस घोषणा से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। तो वही विधायक की मांग पर स्कूल शिक्षा मंत्री ने ग्राम पीपरछेड़ी व गुरुर के हायर सेकेंडरी स्कूल के लिए नए भवन निर्माण की भी घोषणा की। उक्त दोनों जगह भवन की स्थिति काफी जर्जर हो चुकी है। मंत्री ने कहा कि बजट में इन दोनों स्कूल के लिए भवन निर्माण को शामिल किया जाएगा।

इस दौरान विशेष अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष सोना देवी, जवाहर वर्मा प्राधिकृत अधिकारी जिला केंद्रीय बैंक दुर्ग, मिथिलेश नुरेटि उपाध्यक्ष जिला पंचायत बालोद, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्र प्रभाकर, प्रेमलता साहू अध्यक्ष जनपद पंचायत बालोद, धनेश्वरी नरेंद्र सिन्हा सभापति जिला पंचायत बालोद, संजय चंद्राकर पूर्व उपाध्यक्ष जिला पंचायत, कृष्णा दुबे पूर्व अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी बालोद, गिरधर चंद्राकर सदस्य जनपद पंचायत बालोद, खुलाश मंडावी सरपंच निपानी थे। वहीं पूर्व विधायक भैया राम सिन्हा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चन्द्रेश हिरवानी, कमलेश श्रीवास्तव, गिरीश चंद्राकर, रोहित सागर रतीराम कोसमा, केदार देवांगन ,धर्मेंद्र रामटेके, देवेंद्र साहू, डॉक्टर नारायण, साहू युवराज साहू, प्रमोद दुबे राकेश उइके सहित सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी गण उपस्थित रहे। मंत्री ने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि आगामी 15 मई को 10वीं बोर्ड का परीक्षा परिणाम और उसके बाद 12वीं बोर्ड का परीक्षा परिणाम भी जारी किया जाएगा।

You cannot copy content of this page