बालोद। “एक भारत श्रेष्ठ भारत “कार्यक्रम के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य एवं गुजरात राज्य के स्कूली बच्चों के बीच जूम मीटिंग कराई गई एवं दोनों ने एक दूसरे के राज्यों से संबधित जानकारी आपस में जानी। शा. पूर्व मा. शा. गोडेला के बच्चों ने प्रतिभा त्रिपाठी शिक्षिका के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ का राजकीय गीत, छत्तीसगढ़ी पकवान, सुआ व पंथी नृत्य का प्रदर्शन किया तथा गुजरात स्कूल के बच्चों ने गुजराती अभिवादन व गुजराती वेशभूषा व गरबा का प्रदर्शन किया। पंचमहाल जिले के गोधरा तहशील से पोपटफर प्राथमिक स्कूल के बच्चों से शा.पूर्व माध्यमिक शाला गोडेला के बच्चों ने बातचीत की। साथ ही दोनों राज्य के शिक्षकों के बीच इंटरेक्शन हुआ और अपने अपने स्कूल के परिसर का भ्रमण जूम मीटिंग के माध्यम से एक दूसरे को कराया।
2 राज्यों की संस्कृति से परिचित होने का अनूठा तरीका
शिक्षिका प्रतिभा त्रिपाठी के प्रयास से 2 राज्यों की संस्कृति से बच्चों के बीच परिचित होने का यह अनूठा तरीका निकाला गया था। इसका सभी बच्चों ने लाभ दिया और अपना अनुभव उत्साहजनक बताया। गुजरात की संस्कृति को जानने और गुजरात के बच्चों में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, उनके खान पान के बारे में जानने को लेकर जिज्ञासा भी थी। प्रतिभा त्रिपाठी ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम से शिक्षा के क्षेत्र में दो राज्यों के बीच एक बेहतर संवाद की स्थिति बनती है। एक दूसरे से वार्तालाप कर हम बहुत कुछ सीख सकते है।
