बालोद। जिले में अरौद में छात्राओं के लिए बनाए जा रहे कृषि विज्ञान केंद्र भवन में अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्राक्कलन के आधार पर ठेकेदार काम करना सुनिश्चित करें। अन्यथा ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के लिए कृषि मंत्री को पत्र लिखा जाएगा। उपरोक्त बातें बालोद संजारी के पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा ने बालोद ब्लाक के अरौद पंचायत स्थित इन्दिरा गांधी कृषि विज्ञान केन्द्र निर्माणाधीन भवन के निरीक्षण के दौरान कही। उन्होंने कहा कि छात्राओं के लिए बनाए जा रहे भवन में गुणवत्तापूर्ण कार्य होना चाहिए। ताकि भवन का भविष्य बेहतर हो सके।

ग्रामीणों ने विधायक से की थी शिकायत
ग्रामीणों की शिकायत पर पूर्व विधायक भवन निर्माण का निरीक्षण करने पहुंचे थे। जहां निर्माण स्थल पर प्राक्कलन बोर्ड भी नहीं लगा था। जिसको लेकर पूर्व विधायक ने नाराजगी जाहिर की। वहीं दूसरी ओर निरीक्षण के क्रम में उन्होंने ईट, सीमेंट, सरिया, रेत तथा ईंट जोड़ाई में प्रयोग किए जा रहे मसाला आदि की बारीकी से जांच की। इस दौरान रेत और गिट्टी की क्वालिटी काफी घटिया नजर आई। जबकि लोकल रेत को मिलाकर काम कराया जा रहा था। इस मामले में पूर्व विधायक ने उपस्थित मिस्त्री व स्थानीय लोगों से जानकारी ली।पूर्व विधायक ने भवन निर्माण कार्य में लगे मिस्त्री तथा अन्य लोगों को निर्देश देते हुए कहा कि ठेकेदार को सूचित कर दें कि सबसे पहले निर्माण स्थल पर प्राक्कलन बोर्ड लगा दें।

सूचना बोर्ड बहुत ही आवश्यक है। योजना का पूरा विवरण का बोर्ड जब तक नहीं लगाया जाता तब तक काम प्रारंभ नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके अलावा ठेकेदार को सूचित कर दें कि भवन निर्माण विभाग द्वारा इस भवन के निर्माण के लिए जो प्राक्कलन बना है उसी के हिसाब से गुणवत्तापूर्ण कार्य करें। अधिकारियों को इस संबंध में लिखा जाएगा और जांच कराई जाएगी।

नेवारीकला में बनेगी नाली
बालोद ब्लाक के ग्राम नेवारीकला पंचायत में जल निकासी ना होने से घरों का पानी सड़क पर फैल रहा है। गन्दा पानी जाम होने से संक्रामक बीमारियों के फ़ैलने का खतरा भी बढ़ने लगा है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा को शिकायत की थी।

विधायक ने इस समस्या को भी गंभीरता से लेते हुए नेवारीकला पहुंचे और गांव के सरपंच व ग्रामीणों के साथ जगह निरीक्षण किया। पूर्व विधायक ने कहा पानी निकासी का कोई रास्ता नही हैं जिस कारण इस मार्ग पर पानी भराव रहता है। बता दें कि कल ही स्थानीय लोगों ने इस विषय पर विधायक से मुलाकात की थी।

जिसके बाद पूर्व विधायक मौके का जायजा लेने के लिए पहुंचे। उन्होंने कहा कि यहां पर दोनों तरफ निकासी नालियों का निर्माण किया जाएगा, ताकि गांव वालों को कोई परेशानी ना हो। इस मौके पर ब्लाक अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ,विधायक प्रतिनिधि कमलेश श्रीवास्तव ,रोहित सागर धर्मेंद्र रामटेके सरपंच,पंचगण व ग्रामीण उपस्थित रहे।

