बालोद/ छग।शिक्षक संदर्भ समूह( शिक्षकों का रचनात्मक मैत्री समूह), इस राष्ट्रीय स्तर की संस्था के द्वारा कई राज्यों में इस बार राष्ट्रीय शिक्षा दिवस (डॉक्टर राधाकृष्णन जी के जन्मदिन) को खास बनाने की तैयारी की जा रही है। जिसमें छत्तीसगढ़ के शिक्षकों की भी सहभागिता होगी। बालोद सहित अन्य जिले से इस समूह से जुड़े शिक्षकों द्वारा इस बार शिक्षक दिवस पर अपने प्राथमिक स्कूलों व प्राथमिक कक्षाओं को पढ़ाने वाले शिक्षकों के प्रति सम्मान में भाव प्रकट करते हुए उनसे मिलने के साथ उनसे दूरभाष पर चर्चा करके या उनकी अनुभूतियों को लिखने के लिए एक पहल की जाएगी। जो शिक्षकों के प्रति सम्मान प्रकट करने का सही अवसर होगा। समूह के समन्वयक डॉ दामोदर जैन भोपाल व सह समन्वयक डॉ बिजेंद्र सिंह भदौरिया ने देश भर के शिक्षकों से कहा है कि इस शिक्षक दिवस के अवसर पर अपने प्राथमिक विद्यालय (जहाँ आपने खुद पढ़ाई की है) एवं प्राथमिक कक्षाओं को पढ़ाने वाले शिक्षकों के प्रति सम्मान भाव प्रकट करते हुए, उनसे प्रत्यक्ष मिलें, उनसे दूरभाष पर चर्चा करें अथवा उनकी प्रेरक अनुभूतियों को लिखें। शिक्षक संदर्भ समूह द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का पवित्र उद्देश्य सरकार और समाज का प्राथमिक शिक्षा के प्रति ध्यानाकर्षण कराते हुए कार्यरत प्राथमिक शिक्षकों एवं अन्य विभागीय कार्यकर्ताओं के मन में प्राथमिक शिक्षण के प्रति सजगता पैदा करते हुए अपने कर्म के प्रति जिम्मेदारी की भावना पैदा करना है।शिक्षक संदर्भ समूह ने अपील की है कि आप इस स्वैच्छिक आयोजन में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करते हुए अपने सभी परिचितों को इस अभियान से जोड़कर कार्यक्रम की सफलता हेतु सम्यक रूप से सहयोग करें।
राष्ट्रीय शिक्षक संदर्भ समूह द्वारा आयोजित यह अभिनव पहल प्राथमिक शिक्षक और प्राथमिक शिक्षक को संबल प्रदान करने वाली है। समूह की मान्यता है कि “जिस शिक्षक ने हमें सिखाया आओ उसको नमन करें।” सभी अपने अपने स्तर पर इस अभियान को सफल बनाने में मदद करें। अपने संपर्क क्षेत्र में इस अभियान को प्रसारित करें व ख़ुद अपने प्राथमिक विद्यालय और शिक्षकों से मिलें। यह राष्ट्रीय स्तर का अभियान है। चिटौद प्राइमरी स्कूल के शिक्षक ईश्वरी लाल सिन्हा ने बताया कि मैं भी इस समूह में छत्तीसगढ़ बालोद जिले से सदस्य हूं। इसके अलावा महासमुंद जिले से हीराधर सिन्हा, राजनांदगांव से कमला सिन्हा,धनेश कुमार सिन्हा,सरगुजा से नवीन जायसवाल,कवर्धा से राजर्षि पांडेय,कांकेर से शिवप्रसाद कोसरे बीईओ,महेंद्र कुमार ठाकुर,सुकमा से
शिवलाल पांडे, दुर्ग से सुनील कुमार सूर्यवंशी सहित अन्य जुड़े हुए हैं। शिक्षक संदर्भ समूह एक ऐसा स्वैच्छिक समूह है जो शिक्षकों के माध्यम से शैक्षिक बदलाव के लिए कृत संकल्पित है और शासकीय विद्यालयों के रूपांतरण की व्यावहारिक पहल कर, वास्तविक परिणाम तक पहुँचने की दिशा में अग्रसर है।
