गुरुर/ बालोद।
खाकी में फिर एक बार दाग लगता दिखाई दे रहा है। नया मामला गुरुर ब्लॉक के कंवर चौकी क्षेत्र का है। जहां के एक आरक्षक के खिलाफ अवैध वसूली का आरोप लगा है। उक्त आरक्षक सहित गांव के अन्य 3 लोगों के खिलाफ भी नामजद शिकायत एसपी व गृह मंत्री से हुई है। तो वहीं ग्रामीणों द्वारा एक वीडियो भी बनाया गया है। जिसमें उक्त आरक्षक को ग्रामीणों द्वारा घेर लिया गया है वह उससे उसका बैच नंबर पूछा जा रहा है। मामला अवैध वसूली का लग रहा है और आरक्षक कोई जवाब देने से बच रहा है। ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में सीधा आरोप लगाया गया है कि कवर चौकी में पदस्थ आरक्षक वीरू कोसरे द्वारा दुकानदार सुनील से वसूली की जा रही थी। वीडियो को अगर ध्यान से देखेंगे तो मामले में कुछ हद तक सच्चाई भी नजर आती है। लेकिन अब यह जांच का विषय है कि इसमें पुलिस विभाग के उच्च अधिकारी क्या कार्यवाही करते हैं। इस घटना की तत्काल जानकारी ग्रामीणों द्वारा डीएसपी दिनेश सिन्हा को भी दी गई व वीडियो व कुछ फोटोग्राफ उन्हें व्हाट्सएप किया गया है। घटना यानी जो वीडियो सामने आया है वह 27 मई की है और गृह मंत्री को शिकायत 30 मई को हुई है। एसपी को भी एक दिन पहले इसकी शिकायत की गई है। ग्रामीणों के अनुसार माने तो गांव में सुनील साहू होटल चलाता है। जो कि निर्धारित समय के बाद तक खुला हुआ था। इसी का फायदा उठाते हुए उक्त आरक्षक वसूली के लिए आया था और उसे पैसे की मांग कर रहा था। होटल संचालक द्वारा उसे कुछ पैसे भी दिए गए थे। इस लेनदेन के दौरान आसपास अन्य ग्रामीण भी मौजूद थे। जो फिर वहां आ धमके और किस बात का पैसा मांग रहे हो कहकर आरक्षक को घेरने लगे और उसकी वीडियो बनाने लगे। आरक्षक का बैच नंबर पूछने लगे तो आरक्षक द्वारा अपना बैच निकाल कर जेब में रख लिया गया। ग्रामीणों के बढ़ते दबाव वगैरह को देखते हुए उसने जेब से पैसा निकाल कर फेंक दिया। मामला गर्माता देख कंवर चौकी स्टाफ भी वहां पहुंचे व ग्रामीणों को वहां से हटाया गया। कुछ ग्रामीण इतने नाराज थे कि वीडियो में साफ दिख रहा है कि वह आरक्षक को पकड़ लिए थे और अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए उसके बारे में जानकारी हासिल कर रहे थे। ग्रामीणों द्वारा नाराजगी के बाद उक्त आरक्षक वहां से गाड़ी छोड़कर भी भाग गया था। बाद में फिर कंवर चौकी के अन्य स्टाफ आए और उल्टा ग्रामीणों को ही धमकाने लगे। ऐसा आरोप जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने लगाया है।
इनके नामों से हुई है शिकायत
इस मामले के बाद ग्रामीण और ज्यादा नाराज हैं व पूरे मामले की सबूत सहित शिकायत की गई है। लिखित आवेदन में कवर चौकी के पुलिस स्टाफ व एसआई वगैरह पर भी आरोप लगाया गया है कि उक्त घटना के सामने आने के बाद वे दलबल सहित आए थे और ग्रामीणों से ही अभद्रता करने लगे। कहने लगे कि कौन पुलिस कांस्टेबल को मारना चाहता है। पुलिस कांस्टेबल के बजाय ग्रामीणों पर ही चिल्लाने लगे। इस घटना की जानकारी डीएसपी दिनेश सिन्हा को भी दी गई है। लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। तो वही ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इसी ग्राम में रहने वाले एक व्यक्ति उत्तम साहू, बंटी सेन, विकास वैष्णव जिसका भाई पुलिस में सिपाही है उक्त तीनों भी रिश्तेदार पुलिस का रौब दिखाकर गांव में जुआ खिलाते हैं। जिसके खिलाफ भी जनप्रतिनिधियों द्वारा पूर्व में शिकायत की जा चुकी है लेकिन इस पर भी कोई कार्यवाही नहीं हुई है। उक्त तीन चार लोगों की वजह से गांव में हमेशा शांति भंग किया जाता है। जिसके दुष्परिणाम कभी भी गंभीर हो सकते हैं। तो वहीं शिकायत में पुलिस चौकी कवर के स्टाफ पर भी अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया गया है। अब देखने वाली बात होगी कि इस मामले में पुलिस प्रशासन द्वारा क्या कार्रवाई की जाती है। गांव के एक पंच मेघनाथ, उत्तम साहू, बंटी सेन, विकास वैष्णव व वीडियो में जो आरक्षक दिख रहा है वीरू कोसरे इन सभी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग ग्रामीणों द्वारा की गई है।
शिकायत करने वालों में पंच दिनेश साहू, योगेश साहू, मुकेश साहू, शत्रुघन साहू, मनीष साहू, भरत लाल महमल्ला, उपसरपंच सहित अन्य शामिल हैं।
क्या कहा कंवर चौकी प्रभारी ने
वहीं इस पूरे मामले में कंवर चौकी के प्रभारी कैलाश मरई का कहना है कि ग्रामीणों द्वारा गलत आरोप लगाया गया है। जो वीडियो सामने आया है वह अवैध वसूली का नहीं है, बल्कि आरक्षक व उस दुकानदार के बीच कुछ आपसी लेनदेन था। वह उस पैसे के लिए गया हुआ था। जिसे ग्रामीणों द्वारा अवैध वसूली समझा गया और वीडियो बनाया गया। ऐसा कुछ नहीं हुआ है। ग्रामीणों द्वारा आरक्षक सहित गांव के अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत की गई है। इसकी जानकारी मिली है। पर पुलिस की छवि को खराब करने के लिए ग्रामीण झूठा शिकायत कर रहे हैं।
