DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

कोई भी लक्षण दिखे तो करवाए जांच, देर करने से बढ़ रहा संक्रमण, मौत की यही वजह- विधायक संगीता

बालोद/गुरुर – संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक संगीता सिन्हा ने लोगों को अपनी सेहत पर नजर रखने की अपील की है उन्होंने कहा है कि अगर शरीर में सर्दी खांसी बुखार या कोरोना से संबंधित कोई भी लक्षण दिखते हैं तो इसकी तुरंत जांच करवाएं देर बिल्कुल ना करें. देरी करने से संक्रमण बढ़ जाता है और जो मौतें हो रही हैं, इसके पीछे मूल कारण भी यही है. विधायक ने कहा कि लोग बीमारी को छुपाए नहीं बल्कि आगे आए और जांच कराएं. जिससे कोरोना को घातक होने से पहले ही उसे रोका जा सके. देखने में आ रहा है कि अधिकांश लोग कोरोना को छुपा रहे हैं. जिसके बाद में वह घातक हो रहा है. ऐसे कई उदाहरण सामने आ रहे हैं. विधायक संगीता ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जिले में कोरोना से निपटने एवं लोगों की जान की रक्षा के लिए पूरी तैयारी की है.जिला के कलेक्टर को जिले की आवश्यकता अनुसार कार्य करने की पूरी छूट दी गई है. जिसे जिला प्रशासन पूरी सक्रियता से काम कर रहा है. विधायक ने कहा जिले में वर्तमान में 9 स्थानों में कोरोना के मरीजों का इलाज किया जा रहा है। जिले में अन्य केंद्रों में कोविड सेंटर खोलने की तैयारी प्रशासन कर रहा है. जिससे बिस्तरों की कमी नहीं होगी. ऑक्सीजन युक्त बेड तैयार किए जा रहे .हैं आक्सीजन सिलेंडरों की भी कोई कमी नहीं है. स्वास्थ्य विभाग में सभी पूरी जिम्मेदारी से कार्य कर रहे हैं. कार्य के अधिकता के कारण हमारी सरकार ने जिला प्रशासन को वैकल्पिक व्यवस्था करने एवं नई नियुक्ति करने भी कहा है जिसकी प्रक्रिया भी चल रही है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि सावधानी बरतें सुरक्षा अपनाएं ताकि कोरोना से हम बचे रहे.

होम आइसोलेशन का करें कड़ाई से पालन

विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि अस्पतालों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए सरकार ने होम आइसोलेशन की सुविधा दी है लेकिन यह होम आइसोलेशन तब तक सार्थक नहीं है,जब मरीज खुद उसे गंभीरता से पालन नहीं करेगा. विधायक ने कहा कि कई गांव में लगातार शिकायत आ रही है होम आइसोलेशन में रह रहे संक्रमित मरीज पूरे परिवार से मिल रहा है, घूम रहा है. उनके परिवार के लोग भी सार्वजनिक रूप से घूम रहे हैं. उन्होंने कहा कि ऐसा करना खतरनाक हो सकता है. ऐसी स्थिति में संक्रमित व्यक्ति का पूरा परिवार एवं उससे ग्रामीण भी संक्रमित हो सकते हैं. उन्होंने होम आइसोलेशन वालों से अपील की है कि वे शासन के निर्देशों का पालन करें परिवार भी पूरी सावधानी बरतें. जिले के प्रत्येक व्यक्ति की जान कीमती है. किसी के भी साथ कोई घटना ना हो सावधानी ही कोरोनावायरस से बचाव का एकमात्र तरीका है, घर से ना निकले. निकलना पड़े तो मास्क लगाकर निकले. दूरी बनाकर रखे. हाथ धोते रहे. सेनीटाइजर का उपयोग नियमित करें।

सब की रिपोर्ट पॉजिटिव होने की बात अफवाह है

विधायक संगीता सिन्हा ने स्पष्ट किया है कि कुछ लोग यह अफवाह उड़ाते हैं कि अगर हम जांच करने जाएंगे तो हमारी रिपोर्ट भी पॉजिटिव कर दी जाएगी. इस तरह की अफवाह भरी बात में बिल्कुल ना आए और जागरूकता दिखाते हुए अस्पताल पहुंचकर जांच जरूर करवाएं. विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि ग्रामीणों को घबराना नहीं चाहिए. लोगों को कुछ गलतफहमी है कि जांच कराने पर कोरोना पॉजिटिव बता दिया जाएगा. ऐसा नहीं है. बालोद जिले की बात करें तो मृत्यु दर मुश्किल से 12% ही है विगत 15 दिनों में मौतों की संख्या में वृद्धि हुई है. जो चिंता का विषय है इसे रोकना है और इसे जागरूकता से ही रोका जा सकता है. उन्होंने कहा कि हाल ही में ज्यादा लोगों की मौत के पीछे की सबसे बड़ी वजह यह है कि लोगों ने समय रहते जांच नहीं करवाया. जिसके कारण संक्रमण ज्यादा बढ़ गया. स्थिति जब बहुत ज्यादा खराब हो गई है तब उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया. जिसके कारण मृत्यु तक हो जा रही है. उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव सजगता और हिम्मत से ही किया जा सकता है. लक्षण दिखने पर तत्काल जांच करना चाहिए. जिससे संक्रमण घातक हो, उसके पहले ही उसे नियंत्रित कर लिया जाए. उन्होंने कहा कि यदि समय पर बीमारी का पता चलता है तो उसे नियंत्रित किया जा सकता है. वरना फिर देर हो जाती है फिर हालात संभलना मुश्किल हो जाता है।

You cannot copy content of this page