कोरोना के इस दौर में ये खबर पॉजिटिव है- 5 माह की गर्भवती फिर भी डीएसपी शिल्पा ड्यूटी पर पहुंची मोर्चा संभालने, सीएम ने कही ये बात, पढ़िये कौन है यह साहसी शिल्पा



: गर्भवती होने के बावजूद मुस्तैदी के साथ ड्यूटी पर डटी दंतेवाड़ा डीएसपी की कर्तव्य परायणता को मुख्यमंत्री श्री बघेल ने सराहा

रायपुर/ दंतेवाड़ा।

प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा कर्तव्यपरायणता की मिसाल प्रस्तुत की जा रही है। कोरोना काल में कर्तव्यपरायणता की एक ऐसी ही मिसाल दंतेवाड़ा की डीएसपी श्रीमती शिल्पा साहू ने भी प्रस्तुत की है। गर्भवती होने के बावजूद वे सड़क पर उतर कर ड्यूटी कर रही हैं। कोरोना काल के नियम तोड़ने वालों को वे अपनी टीम के साथ समझाइश दे रही हैं। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज बस्तर संभाग में कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा के दौरान डीएसपी श्रीमती शिल्पा साहू की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कर्तव्यपरायणता की अनुकरणीय मिसाल समाज के सामने प्रस्तुत की है।
गौरतलब है कि लाकडाउन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जहां शासकीय अधिकारी-कर्मचारी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, वहीं मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, उनके लिए प्लाज्मा, दवाओं का इंतजाम कराने उन्हें आवश्यक जानकारियां मुहैया कराने आदि के लिए समाजसेवी संस्थाएं दिन रात काम कर रही हैं। राज्य में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए शासन द्वारा हर संभव उपाय किए जा रहे हैं। इसमें मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की अपील पर शासन-प्रशासन की मुस्तैदी के साथ विभिन्न सामाजिक संगठन, उद्योग तथा व्यापार जगत के लोग भी मदद के लिए बढ़-चढ़कर आगे आ रहे हैं।

कौन है शिल्पा

महामारी के दौर में कोरोना वॉरियर की भूमिका निभा रहीं इस महिला पुलिस अधिकारी का नाम शिल्पा साहू हैं, जो इन दिनों छत्तीसगढ़ पुलिस में बतौर डीएसपी दंतेवाड़ा में पोस्टेड हैं। शिल्पा साहू अक्सर अपने काम को लेकर सुर्खियों में रहती हैं। इनका नक्सली ऑपरेशन में हिस्सा लेना भी चर्चा का विषय रहा था।
डीएसपी शिल्पा साहू बताती हैं कि वे पांच माह की गर्भवती हैं, मगर इस वक्त पूरा देश मुश्किल में है। हर कोई परेशान है। साथ ही लोगों को कोरोना महामारी को लेकर जागरूक करने और कोरोना की दूसरी लहर में लॉकडाउन की सख्ती से पालना करवाना महत्वपूर्ण है। तभी हम कोरोना को मात दे सकेंगे।

दंतेवाड़ा मार्केट की तस्वीर वायरल हो रही

पांच माह की गर्भवती डीएसपी शिल्पा साहू सामान्य पुलिसकर्मियों की तरह चिलचिलाती धूप में सड़क पर उतर कर सेवाएं दे रही हैं। सोमवार को शिल्पा की ड्यूटी दंतेवाड़ा के मार्केट नाका प्वाइंट पर लगाई थी। वहां हाथ में लाठी और मुंह पर मास्क लगाए डीएसपी शिल्पा साहू सादावर्दी में लोगों से कहती नजर आईं कि ‘हम सड़क पर हैं ताकि आप सुरक्षित रहें, इस बात को समझिए। शिल्पा साहू की यह तस्वीर देशभर में वायरल हो रही है’

दुर्ग की रहने वाली है शिल्पा साहू

शिल्पा साहू ने बताया कि वे मूलरूप से छत्तीसगढ़ के दुर्ग की रहने वाली हैं। रायपुर निवासी देवांश सिंह राठौर से जून 2019 में लव मैरिज की थी। देवांश भी छत्तीसगढ़ पुलिस में डीएसपी हैं। दरअसल, देवांश और शिल्पा की प्रशिक्षण के दौरान मुलाकात हुई थी। पहले दोस्ती हुई, जो बाद में प्यार में बदल गई। अब इनके घर यह पहला नन्हा मेहमान आने वाला है।

बता दें कि डीएसपी शिल्पा साहू और उनके पति देवांश नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए अभियान को लेकर भी सुर्खियों में रहे थे, क्योंकि ये दोनों नक्सलियों का सफाया करने एक साथ जाया करते थे। देवांश सिंह राठौर बस्तर बटालियन और शिल्पा दंतेश्वरी फाइटर को लीड करती थी।
शादी के कार्ड ने करवाई एक ही जगह पोस्टिंग
प्रशिक्षण के बाद शिल्पा और देवांश को अलग अलग जगहों पर पोस्टिंग दी गई थी। इस बीच दोनों की लव स्टोरी भी आगे बढ़ती रही और जून 2019 में दोनों ने शादी का फैसला किया। तत्कालीन डीजीपी को शिल्पा अपनी शादी का कार्ड देने गई थी। तब डीजीपी ने शिल्पा से उनके पति के बारे में जाना और फिर दोनों की पोस्टिंग एक ही जगह दंतेवाड़ा में कर दी।

You cannot copy content of this page