बालोद। इन दिनों ग्रामीण क्षेत्र में फेरीवाले या अन्य संदिग्ध व्यक्ति आकर गांव में घूम रहे हैं। जिनके बच्चा चोर होने की आशंका भी है। ऐसे में पंचायत प्रशासन भी अलर्ट हो गई है और गांव में इस संबंध में मुनादी भी करवाई जा रही है। ऐसा ही एक मामला ग्राम पंचायत सांकरा ज में सामने आया है। जहां पर 5 दिन पहले किसी संदिग्ध व्यक्ति के आने की जानकारी सामने आई थी। जिसके बच्चा चोर होने की भी आशंका है। एहतियात के तौर पर सरपंच वारुणी शिवेंद्र देशमुख द्वारा गांव में मुनादी करवाई गई है कि बच्चे खासतौर से दोपहर के समय घर से बाहर ना घूमें। अनजानो से सावधान रहें व पालकों को भी कहा गया है कि वे बच्चों का ध्यान रखें।
साइकिल में आया था संदिग्ध
जब हम इस बात की पुष्टि करने के लिए साकरा ज पहुंचे व जानकारी ली गई कि आखिर ऐसा क्या हुआ था कि पंचायत को मुनादी करवानी पड़ी तो एक मुहल्ले के लोगों व बच्चों तक ने भी बताया कि चार-पांच दिन पहले एक संदिग्ध व्यक्ति उनके मोहल्ले में आया हुआ था। वह साइकल में था व एक बोरी रखा हुआ था। वह बच्चों को इशारा करके बुला रहा था। बच्चे डर सहमे घर से बाहर नहीं निकले। वह संदिग्ध व्यक्ति उनके दरवाजे के पास आकर दरवाजा धक्का दे रहा था। फिर कुछ देर बाद वह चला गया। उनके जाने के बाद बच्चे जब बाद में बाहर निकले तो आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी गई। फिर उनके बच्चा चोर होने की आशंका जाहिर की गई। मामले की खबर सरपंच को दी गई। जिसके बाद एहतियातन दूसरे दिन ही गांव में बच्चा चोर आने व अनजान लोगों से सचेत, सतर्क रहने से संबंधित मुनादी कराई गई।
क्या कहा सरपंच ने
सरपंच वारुणी देशमुख ने बताया कि इसकी पुष्टि तो नहीं हुई कि जो संदिग्ध व्यक्ति आया था वह बच्चा चोर ही था। लेकिन सुरक्षा व लोगों को सावधान करने के हिसाब से मुनादी करवाई गई है। ताकि ऐसी किसी तरह की घटना ना हो। अगर घटना होती है तो फिर तत्काल संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा जा सके। उक्त मुनादी के बाद से बच्चे व पालक भी सचेत हुए हैं।
