
दल्लीराजहरा। शहर के वार्ड क्रमांक 26 स्थित रेलवे स्टेशन मार्ग पर दुर्गा मंदिर के पास तलवारनुमा धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को राजहरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से धारदार लोहे का हथियार जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
राजहरा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि 28 जून 2026 को दोपहर करीब 1 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 26 में दुर्गा मंदिर के पास एक युवक तलवारनुमा धारदार हथियार लेकर लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार लोहे का तलवारनुमा हथियार बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जतीन गुप्ता (25 वर्ष), पिता दीपक गुप्ता, निवासी वार्ड क्रमांक 21, शास्त्री नगर, दल्लीराजहरा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 144/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।





