बालोद/सिकोसा रूपचंद जैन। नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पूर्व माध्यमिक विद्यालय एवं प्राथमिक विद्यालय बेलौदी में 19 जून को शाला प्रवेश उत्सव उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कक्षा पहली, छठवीं एवं नवमी में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं मुंह मीठा कराकर स्वागत किया गया।
निःशुल्क पाठ्यपुस्तक और गणवेश का वितरण

कार्यक्रम में शासन द्वारा विद्यार्थियों को प्रदान की जाने वाली निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश का वितरण किया गया। साथ ही विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को डायरी एवं कलम भेंटकर सम्मानित किया गया।
नियमित अध्ययन और अनुशासन का दिया संदेश
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता मसीह ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने तथा अनुशासन के साथ अध्ययन करने का आग्रह किया ताकि वे जीवन में अधिक सफलता प्राप्त कर सकें।
उन्होंने पालकों से भी अपील की कि वे बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें ताकि विद्यालय में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित हो सके।
शिक्षा और योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्यामलाल मण्डावी ने बच्चों को मेहनत, लगन एवं अनुशासन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं संकुल केन्द्र बेलोदी के संकुल समन्वयक संजय कुमार जोशी ने शासन द्वारा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की विस्तृत जानकारी पालकों, समिति सदस्यों एवं विद्यार्थियों को दी।
वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

शाला प्रवेश उत्सव के दौरान शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों, पालकों एवं शिक्षकों द्वारा विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक टिकेश्वर लाल साहू, प्राथमिक शाला की प्रधान पाठक संध्यारानी साहू, व्याख्याता नरेन्द्र कुमार साहू, कैलाश कुमार साहू, प्रीति मण्डावी, प्रीति साहू, समरीत साहू, भारती सिन्हा सहित शाला प्रबंधन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता कैलाश कुमार साहू तथा आभार प्रदर्शन व्याख्याता नरेन्द्र कुमार साहू ने किया।











