बालोद, 21 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज जिला मुख्यालय बालोद सहित जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों, नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों एवं स्कूलों में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम गंजपारा स्थित इनडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों, विद्यार्थियों एवं अधिकारियों ने भाग लिया।
‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम पर हुआ आयोजन
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम इस वर्ष की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ पर आधारित रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री श्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए और सामूहिक योगाभ्यास में सहभागिता करते हुए विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया।
योग से तन और मन दोनों रहते हैं स्वस्थ – शिक्षा मंत्री
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने जिलेवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग और प्राणायाम भारत की प्राचीन परंपरा हैं, जिनका अनुसरण आज पूरी दुनिया कर रही है।
उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि तन और मन को स्वस्थ एवं निरोगी बनाए रखने की उत्कृष्ट जीवन पद्धति है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन कम से कम एक घंटा अपने शरीर और स्वास्थ्य के लिए देने की अपील की।
मंत्री श्री यादव ने कहा कि मनुष्य के भीतर असीम ऊर्जा मौजूद है, जिसे नियमित योगाभ्यास के माध्यम से जागृत किया जा सकता है।
नशामुक्त भारत अभियान की दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने उपस्थित लोगों को नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत परिवार, समाज और राष्ट्र को नशे की सामाजिक बुराई से मुक्त करने हेतु सामूहिक शपथ भी दिलाई।
योगाचार्य के मार्गदर्शन में हुआ विभिन्न आसनों का अभ्यास
सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में योगाचार्य श्री धीरज शर्मा ने उपस्थित लोगों को क्रमशः ग्रीवा चालन, हस्तचालन, कटिचालन, ताड़ासन, वृक्षासन सहित बैठकर किए जाने वाले वज्रासन, मंडूकासन, दण्डासन, पद्मासन तथा लेटकर किए जाने वाले अर्धहलासन, उत्तानपादासन, भुजंगासन, शलभासन एवं शशांकासन का अभ्यास कराया।
इसके साथ ही श्वास आधारित प्राणायाम के अंतर्गत अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास भी कराया गया।
जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विद्यार्थियों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारिणी पुष्पेन्द्र चन्द्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू, कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री योगेश पटेल, वनमंडलाधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल, श्री चेमन देशमुख, श्री पवन साहू सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, रेडक्रॉस सोसायटी एवं स्काउट-गाइड्स वॉलिंटियर्स तथा बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने नियमित योग अपनाकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।











