DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

अमृत सरोवरों पर योग से गूंजा बालोद: 5870 लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, जल संरक्षण का भी दिया संदेश

बालोद, 21 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले में महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत निर्मित 111 अमृत सरोवरों में विशेष सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन में ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, मनरेगा श्रमिकों, महिला स्व सहायता समूहों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा अधिकारी-कर्मचारियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।

योग के साथ जल और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जिले भर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में कुल 5870 लोगों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना नहीं था, बल्कि जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना भी रहा।

अमृत सरोवर स्थलों पर योगाभ्यास के साथ-साथ सरोवर संवाद एवं जनसहभागिता आधारित गतिविधियां भी आयोजित की गईं, जिनके माध्यम से लोगों को जल स्रोतों के संरक्षण और उनके रखरखाव के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

अमृत सरोवर बन रहे सामाजिक चेतना के केंद्र

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि अमृत सरोवर अब केवल जल संरक्षण तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक सहभागिता, जनजागरूकता और सामुदायिक विकास के केंद्र के रूप में भी विकसित हो रहे हैं।

सरोवर संवाद कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को वीबी जी राम जी अधिनियम 2025 के प्रावधानों एवं ग्रामीण विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

जिलेभर में हुआ योग का आयोजन

उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय बालोद सहित जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों, नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों एवं स्कूलों में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस वर्ष 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” निर्धारित की गई, जिसके अनुरूप विभिन्न योग मुद्राओं और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।

कार्यक्रम के अंत में लोगों ने नियमित योग अपनाने तथा जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।

You cannot copy content of this page