बालोद। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी-अंग्रेजी विद्यालय, सिकोसा में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
नेशनल योगा ट्रेनर ने कराया प्रोटोकॉल अनुसार योगाभ्यास
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती मधु माला कौशल, जो पतंजलि योग समिति अध्यक्ष एवं नेशनल योगा ट्रेनर भी हैं, उनके मार्गदर्शन में योगाभ्यास कराया गया। योग सत्र निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार संपन्न हुआ, जिसमें महिलाओं के लिए विशेष योग गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
योग के विभिन्न आसनों एवं अभ्यासों में शामिल होकर उपस्थित ग्रामीण और बच्चे उत्साहित नजर आए तथा पूरे कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया गया।
पतंजलि योग समिति का योग विस्तार अभियान
जानकारी के अनुसार, पतंजलि योग समिति बालोद जिला द्वारा अब तक जिले में 32 स्थानों पर नियमित योग कक्षाएं संचालित की जा चुकी हैं तथा 1200 गांवों में योग शिविर लगाए जा चुके हैं। समिति निशुल्क सेवा के माध्यम से लोगों को योग से जोड़ने का कार्य कर रही है ताकि लोगों के जीवन और दिनचर्या में सकारात्मक परिवर्तन आए तथा अधिक से अधिक लोग योग अपनाकर निरोग जीवन की ओर बढ़ें।
जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों की रही सहभागिता

इस अवसर पर शाला विकास समिति अध्यक्ष खिलावन चंद्राकर, सरपंच प्रीतम ठाकुर, डामन चौरे, सेजेस अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम के समस्त स्टाफ, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सहायक योगाचार्य सिंधु देशमुख का विशेष सहयोग रहा। वहीं जनपद पंचायत सदस्य आशिफ गहलोत एवं विधायक प्रतिनिधि कुलेश्वर तिवारी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नियमित योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।













