पाटेश्वर धाम में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित करने की मांग, पूर्व तहसील अध्यक्ष ने प्रदेश साहू संघ को लिखा पत्र

सामाजिक सौहार्द एवं सर्वसमाज की एकता बनाए रखने का दिया हवाला, संवेदनशील माहौल में आयोजन पर जताई चिंता

बालोद। पाटेश्वर धाम, जामड़ी पाट में आगामी 9 जून को आयोजित होने वाले सामाजिक कार्यशाला एवं माता कर्मा मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। साहू समाज के पूर्व तहसील अध्यक्ष क्रांति भूषण साहू ने छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू को पत्र प्रेषित कर कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित करने की मांग की है।

क्षेत्र की संवेदनशील परिस्थितियों का हवाला

अपने पत्र में क्रांति भूषण साहू ने उल्लेख किया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली कि छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ द्वारा जामड़ी पाट स्थित पाटेश्वर धाम में सामाजिक कार्यशाला एवं माता कर्मा मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राम तुएगोंदी से जुड़े हालिया घटनाक्रमों के बाद क्षेत्र में तनाव और विवाद की स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए इस समय बड़े सामाजिक आयोजन से बचना उचित होगा।

आदिवासी क्षेत्र में आयोजन को लेकर चिंता

पत्र में कहा गया है कि पाटेश्वर धाम के आसपास का क्षेत्र आदिवासी बाहुल्य है तथा आदिवासी समाज और संत बालक दास से जुड़े विवाद लंबे समय से चर्चा का विषय रहे हैं। ऐसी परिस्थितियों में किसी भी बड़े सामाजिक कार्यक्रम के आयोजन से अनावश्यक विवाद और सामाजिक तनाव बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

सामाजिक समरसता प्रभावित होने की आशंका

क्रांति भूषण साहू ने आशंका व्यक्त की है कि यदि साहू समाज की व्यापक भागीदारी के साथ यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, तो आदिवासी समाज के कुछ वर्गों में नाराजगी उत्पन्न हो सकती है। इससे जिले में सामाजिक सौहार्द, आपसी विश्वास और सर्वसमाज की एकता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना बन सकती है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज को ऐसे विवादों का हिस्सा बनने से बचना चाहिए, जिससे सामाजिक सद्भाव प्रभावित हो।

समाजहित में कार्यक्रम स्थगित करने की अपील

पूर्व तहसील अध्यक्ष ने प्रदेश साहू संघ से आग्रह किया है कि साहू समाज की गरिमा, सामाजिक समरसता तथा सर्वसमाज के हित को सर्वोपरि रखते हुए प्रस्तावित कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित करने पर विचार किया जाए। उन्होंने कहा कि सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को बनाए रखना सभी समाजों की साझा जिम्मेदारी है।

वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी भेजी गई प्रतिलिपि

उक्त पत्र की प्रतिलिपि पूर्व मंत्री एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष साहू समाज ताम्रध्वज साहू, जिला साहू समाज बालोद के अध्यक्ष महेंद्र साहू तथा तहसील साहू समाज डौंडी लोहारा के अध्यक्ष को भी प्रेषित की गई है।

अब प्रदेश साहू संघ इस मांग पर क्या निर्णय लेता है, इस पर साहू समाज सहित क्षेत्र के लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं। कार्यक्रम के आयोजन अथवा स्थगन को लेकर आगामी दिनों में स्थिति और स्पष्ट होने की संभावना है।

You cannot copy content of this page