मरकाटोला घाट में 65 लाख की ‘कैश कार’ पकड़ी गई: पुरूर पुलिस की बड़ी कार्रवाई से मचा हड़कंप



क्रेटा कार में भरकर ले जाए जा रहे थे 65 लाख रुपये, दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने किया जप्त

बालोद। जिले में अवैध गतिविधियों पर लगातार शिकंजा कस रही बालोद पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना पुरूर पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक क्रेटा कार से 65 लाख रुपये नकद बरामद कर वाहन सहित जप्त किया है। इस कार्रवाई से पूरे जिले में हड़कंप मच गया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश कुमार पटेल तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस अनुविभागीय अधिकारी गुरूर माया शर्मा एवं थाना प्रभारी पुरूर उप निरीक्षक जोगेंद्र साहू के नेतृत्व में थाना पुरूर पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

दिनांक 26 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की क्रेटा कार क्रमांक CG-24-T-9998 में भारी मात्रा में नगद राशि कांकेर की ओर से पुरूर की दिशा में लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एनएच-30 स्थित मरकाटोला घाट क्षेत्र में एमसीपी लगाकर सघन चेकिंग शुरू कर दी।

तलाशी में निकले 65 लाख रुपये नकद

कुछ समय बाद संदिग्ध क्रेटा वाहन को रोककर जांच की गई, जिसमें दो व्यक्ति सवार मिले। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम अमित जैन (42 वर्ष), निवासी बालोद एवं लच्छू ठाकुर (38 वर्ष), निवासी ग्राम तरौद, जिला बालोद बताया।

कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, बैंक कर्मचारियों एवं गवाहों की उपस्थिति में वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से कुल 65 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

दस्तावेज नहीं दिखा सके, वाहन सहित रकम जप्त

पुलिस द्वारा रकम से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन संबंधित व्यक्ति कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रारंभिक जांच में मामला टैक्स चोरी एवं अवैध नगदी परिवहन से जुड़ा प्रतीत होने पर पुलिस ने तत्काल वैधानिक कार्रवाई करते हुए नकद राशि एवं वाहन को जप्त कर लिया।

पुरूर पुलिस टीम की सक्रियता की हो रही सराहना

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक जोगेंद्र साहू, प्रधान आरक्षक विश्वजीत साहू, आरक्षक पुष्कर तिवारी, धर्मेंद्र टांडेकर, महेंद्र जैन, मनोज मेश्राम, किशोर साहू, संदीप यादव सहित समस्त पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अवैध गतिविधियों पर पुलिस की कड़ी नजर

बालोद पुलिस द्वारा लगातार अवैध कारोबार, संदिग्ध गतिविधियों एवं टैक्स चोरी जैसे मामलों पर निगरानी रखी जा रही है। इस बड़ी कार्रवाई से स्पष्ट है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।

You cannot copy content of this page