DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

“महंगाई, खाद संकट और पेट्रोल-डीजल किल्लत पर कांग्रेस का हमला” : राजीव भवन में प्रेसवार्ता कर केंद्र व राज्य सरकार को घेरा

कांग्रेस नेताओं बोले – डबल इंजन सरकार महंगाई और किसानों की समस्या नियंत्रित करने में विफल

बालोद। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आज जिला कांग्रेस कमेटी बालोद द्वारा राजीव भवन में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कथित कमी, खाद संकट और किसानों की समस्याओं को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा।

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि रसोई गैस और कमर्शियल सिलेंडर के दामों में वृद्धि के बाद अब पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी आम जनता की कमर तोड़ रही है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में लोग पेट्रोल पंपों में लंबी कतार लगाने को मजबूर हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों और कुप्रबंधन के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिसका सीधा असर गृहणियों, किसानों, व्यापारियों और आम लोगों पर पड़ रहा है।


“खाद कटौती से किसान परेशान”

चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा वैज्ञानिक अनुशंसा के नाम पर किसानों को रासायनिक खाद कम मात्रा में वितरित किया जा रहा है, जिससे किसानों में भारी नाराजगी है।

उन्होंने कहा कि एक ओर पहले किसानों को अधिक उत्पादन के लिए रासायनिक खाद उपयोग करने प्रोत्साहित किया गया और अब अचानक खाद की मात्रा कम कर दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कम धान खरीदने की मंशा से किसानों को परेशान कर रही है।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।


पूर्व विधायक अरुण वोरा ने भी साधा निशाना

प्रेसवार्ता के मुख्य वक्ता एवं दुर्ग शहर के पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, लेकिन वर्तमान में आर्थिक स्थिति कमजोर हुई है।

उन्होंने कहा कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम आदमी की बचत खत्म होती जा रही है। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतों, सोने के दाम, जीएसटी और बढ़ते टोल टैक्स को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।

अरुण वोरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की आवश्यकता के मुकाबले बहुत कम उर्वरक सोसायटियों तक पहुंच पाया है।


“पहले भाजपा नेता करें पेट्रोल बचाने की शुरुआत”

अरुण वोरा ने प्रधानमंत्री द्वारा पेट्रोल-डीजल के उपयोग कम करने की अपील पर तंज कसते हुए कहा कि यदि भाजपा सरकार सच में ईंधन बचत को लेकर गंभीर है, तो सबसे पहले भाजपा के मंत्री, विधायक और पदाधिकारी साइकिल से चलना शुरू करें।

उन्होंने कहा कि आज आम आदमी पहले ही महंगाई से परेशान है और सरकार राहत देने के बजाय लोगों को उपयोग कम करने की सलाह दे रही है।


कांग्रेस ने बताया सरकार को नाकाम

प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि डबल इंजन सरकार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को नियंत्रित करने में असफल साबित हुई है।

उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी, पेट्रोल-डीजल में टैक्स वृद्धि और बढ़ती महंगाई के कारण आम आदमी आर्थिक संकट से जूझ रहा है।


ये नेता रहे मौजूद

प्रेसवार्ता के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता पुरुषोत्तम पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा, अंचल प्रकाश साहू, कमलेश श्रीवास्तव, कसीमुद्दीन कुरैशी, धीरज उपाध्याय सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page