DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

डगनिया में दो माह से बंद पड़ी पानी टंकी, कचरे से अटी नालियों ने बढ़ाई ग्रामीणों की परेशानी

अंडा। गुण्डरदेही ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत डगनिया में मूलभूत सुविधाओं की बदहाली को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। गांव की पानी टंकी पिछले करीब दो माह से बंद पड़ी है, जिसके चलते ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच पानी की समस्या ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि पानी टंकी बंद होने के कारण उन्हें दूर-दराज के स्थानों से पानी लाना पड़ रहा है। वहीं गांव की नालियां कचरे से भरी हुई हैं, जिससे गंदगी फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।

पंचायत प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

मामले को लेकर शिकायतकर्ता एवं पूर्व जनपद सदस्य तथा पूर्व सेवा सहकारी समिति गुरेदा अध्यक्ष भरत चंद्राकर ने पंचायत प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है।

ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीण निरंजन, धनीराम, शुकुलदास, कमलेश, खिलेश और बिरेन्द्र साहू सहित अन्य लोगों ने जल्द से जल्द पानी टंकी चालू कराने और नालियों की सफाई कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने सरपंच जोतेश्वरी साहू से भी समस्या के शीघ्र निराकरण की अपील की है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

अंडा सेंटर से संजय कुमार साहू की रिपोर्ट

You cannot copy content of this page