बालोद। बालोद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम देवी नवागांव में विगत दिनों तांदुला नदी के किनारे अरहर के खेत के पास एक महिला सावित्रीबाई निषाद की लाश मिली थी। मामला संदिग्ध होने के कारण बालोद पुलिस सभी एंगल पर जांच में जुटी हुई थी। अंततः पीएम रिपोर्ट और सभी पहलुओं पर छानबीन के बाद मामला हत्या का निकला है। हत्यारा कोई और नहीं बल्कि सावित्री निषाद का पति धर्मेंद्र निषाद निकला है। जिसने अपनी पत्नी की गला घोट कर हत्या की थी। पुलिस को कई तरीकों से गुमराह करते हुए आरोपी बचने का प्रयास करता रहा लेकिन गहन पूछताछ में वह पकड़ा गया और फिर हत्या का मामला सामने आया। बालोद पुलिस, साइबर सेल, फॉरेंसिक टीम सहित समस्त स्टाफ मामले की छानबीन में जुटी हुई थी। जिसमें बड़ी सफलता टीम को मिली है। जल्द ही पुलिस इस मामले का पूरा खुलासा करेगी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अपनी पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक ना होने, कभी भी घर से चले जाने और घर वालों से ठीक से बात न करने के कारण नाराज रहने वाले पति ने अपनी पत्नी की मौका पाकर नदी किनारे गला घोटकर हत्या कर दी थी। पुलिस को पति पर कोई शक ना हो इसलिए उसने कई उपाय भी किए थे। अंततः बालोद पुलिस के सामने उसकी चतुराई नहीं चल पाई। पास में ही पड़े एक दुपट्टे से उसने पत्नी को पीछे से धक्का देकर पहले गिराया और गला घोटा था। कई चरणों में चली पूछताछ के बाद आखिर शक की सुई पति पर आ टिकी थी और फिर आरोपी पति धर्मेंद्र निषाद ही निकला। जिसने पुलिस को गुमराह करने की काफी कोशिश की। जब लाश मिली तो वह पूरी तरह चौकन्ना होते हुए पुलिस के साथ घटनास्थल पर रात भर लाश की निगरानी करता रहा। पर पुलिस को पहले ही दिन से उस पर शक था। क्योंकि उसके चेहरे पर किसी भी तरह के अपनी पत्नी की मौत होने का गम से संबंधित भाव नजर नहीं आ रहा था। वह ऐसे बर्ताव कर था मानो कुछ हुआ ही ना हो। आखिर उसके यही बर्ताव और पुलिस के शक ने कड़ी से कड़ी जोड़ दी।
एक्सक्लूसिव : आखिरकार पति ही निकला सावित्री का हत्यारा, बालोद पुलिस जल्द करेगी मामले का खुलासा, देवीनवागांव हत्याकांड में आया नया मोड़
