DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

तरौद में डिजिटल क्रांति की शुरुआत: सीएससी व पीजी केंद्र का शुभारंभ, अब गांव में मिलेंगी ऑनलाइन सेवाएं

बालोद। ग्राम पंचायत तरौद में डिजिटल सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सीएससी केंद्र एवं पीजी केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमामय बना दिया।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत बालोद के उपाध्यक्ष तोमन साहू उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सदस्य माहेश्वरी ठाकुर ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच धर्मेंद्र कुमार रामटेके ने की।

इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों में टिकेश्वरी पटेल, मान बाई ठाकुर, जानकी यादव, तुलेश्वरी साहू, सुरेंद्र यादव, देवलाल ठाकुर, सोहन ठाकुर, जितेंद्र देवांगन सहित सभी पंचगण उपस्थित रहे। साथ ही सचिव सीमा सेन, ग्राम पटेल मिलेन्द्र कुमार निषाद एवं अनेक ग्रामीणजन कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि तोमन साहू ने कहा कि सीएससी केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सशक्तिकरण की मजबूत नींव बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंकिंग सेवाएं, शासकीय योजनाओं से संबंधित कार्य एवं अन्य ऑनलाइन सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध होंगी, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।

जनपद सदस्य माहेश्वरी ठाकुर ने कहा कि यह केंद्र विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। डिजिटल सुविधाओं की उपलब्धता से शासन की योजनाओं में ग्रामीणों की भागीदारी और अधिक सशक्त होगी।

सरपंच धर्मेंद्र कुमार रामटेके ने ग्राम पंचायत की ओर से सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायत का प्रयास है कि गांव में आधुनिक शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि तरौद डिजिटल रूप से आत्मनिर्भर बन सके।

You cannot copy content of this page