मुंबई में भाजपा का राष्ट्रीय प्रशिक्षण वर्ग संपन्न, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने लिया हिस्सा — 7 मार्च से महाअभियान की तैयारी तेज



बालोद। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित सात राज्यों की एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला मुंबई के रंग शारदा परिसर में संपन्न हुई। इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में छत्तीसगढ़ से प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने सहभागिता करते हुए आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया।कार्यशाला में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात और दमन-दीव सहित विभिन्न राज्यों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान 7 मार्च से देशभर में प्रारंभ होने वाले मंडल, जिला एवं प्रदेश स्तर के प्रशिक्षण महाअभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।कार्यक्रम में कुल 12 प्रमुख विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया, जिनमें संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क अभियान, सोशल मीडिया प्रबंधन, लाभार्थी संपर्क, कार्यकर्ता संवाद, और आगामी चुनावी रणनीति जैसे विषय शामिल रहे। पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रशिक्षण महाअभियान को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाए।इस कार्यशाला में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बी.एल. संतोष, सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश जी एवं राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री वी. सतीश का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। सभी वरिष्ठ नेताओं ने संगठन की मजबूती, अनुशासन और समर्पित कार्यकर्ता निर्माण पर विशेष बल दिया।छत्तीसगढ़ से प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय सहित लगभग 20 प्रमुख पदाधिकारी प्रशिक्षण वर्ग में शामिल हुए।प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने बताया कि यह प्रशिक्षण वर्ग संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं को वैचारिक तथा प्रायोगिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि आगामी महाअभियान के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक मंडल और जिले में कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर संगठन को और अधिक प्रभावशाली बनाया जाएगा।

You cannot copy content of this page