DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

किसान हितों पर मंथन: भाजपा किसान मोर्चा जिला बालोद की परिचयात्मक बैठक में गूंजा संगठन सशक्तिकरण का संकल्प

बालोद।भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा जिला बालोद की प्रथम कार्यकारिणी एवं परिचयात्मक बैठक भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय जुंगेरा, बालोद में विगत दिनों आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं वंदे मातरम गान के साथ किया गया।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पवन साहू उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम का नेतृत्व किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र देशमुख ने किया।

मुख्य अतिथि पवन साहू ने अपने संबोधन में किसान मोर्चा की कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि किसान मोर्चा भारतीय जनता पार्टी का अत्यंत महत्वपूर्ण मोर्चा है, क्योंकि देश की लगभग अस्सी प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि किसान फसल उत्पादन एवं विक्रय के दौरान अनेक समस्याओं का सामना करते हैं, ऐसे में मोर्चा के पदाधिकारियों का दायित्व है कि वे किसानों की समस्याओं के समाधान हेतु सदैव तत्पर रहें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा किसानों की समृद्धि के लिए संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए भाजपा सरकार को किसान हितैषी बताया।

जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र देशमुख ने कार्यकारिणी सदस्यों का परिचय कराते हुए सभी से पार्टी के दिशा-निर्देशों का पूर्ण निष्ठा से पालन करने तथा सरकार की योजनाओं को धरातल स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदने का वादा किया था, जिसे सरकार गठन के साथ ही पूरा किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला महामंत्री राकेश यादव ने संगठन की बारीकियों एवं पार्टी के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन किसान मोर्चा जिला महामंत्री पुष्पेंद्र तिवारी ने किया।

बैठक में भाजपा जिलामंत्री प्रेम साहू, किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीकांत वर्मा, दयानंद साहू, प्रदेश सह संयोजक योगेंद्र कुमार देशमुख सहित जिला एवं मंडल स्तर के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में किसान मोर्चा जिला बालोद के महामंत्री संतोष गंगबेर ने आभार प्रदर्शन किया।

बैठक संगठनात्मक ऊर्जा, किसान हितों के प्रति प्रतिबद्धता एवं आगामी रणनीति के संकल्प के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।

━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ 📰 No.1 Web Media in CG | DAILY BALOD NEWS & DB DIGITAL MEDIA NEWS CHANNEL ━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━

You cannot copy content of this page