बालोद(डौंडीलोहारा)। भारत माता की जय, छत्तीसगढ़ महतारी की जय के जयघोष के साथ विद्युत विभाग देवरी के तत्वावधान में परसुली पावरहाउस केन्द्र के प्रांगण में छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती कान्ति सोनबरसा अध्यक्ष जनपद पंचायत डौण्डी लोहारा, श्रीमती दुलारी देवांगन सभापति जनपद पंचायत डौण्डी लोहारा उपस्थित रहीं। विशेष अतिथियों में श्री हरीश कटझरे भाजपा जिला कोषाध्यक्ष बालोद, श्री विवेक वैष्णव भाजपा मंडल अध्यक्ष देवरी शामिल हुए। कार्यक्रम की गरिमा श्री मणी राम तारम सहायक अभियंता डौण्डी लोहारा, श्री पोषण लाल देवांगन उप सरपंच पसौद (पूर्व जिला अध्यक्ष सरपंच संघ बालोद), श्री मनोहर भुवार्य सरपंच ग्राम पंचायत खेरथा, श्रीमती गीतिका ठाकुर कनिष्ठ अभियंता, श्री ओमप्रकाश साहब सुरेगांव सहित विद्युत विभाग के समस्त अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामवासी उपस्थित थे।
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में विद्युत ऊर्जा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्षों की यात्रा में विद्युत क्षेत्र में हुए विकास कार्यों, विस्तार और भविष्य की आवश्यकताओं की जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि बिजली आज केवल सुविधा नहीं बल्कि विकास की रीढ़ बन चुकी है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और कृषि को नई दिशा मिली है।
कार्यक्रम में केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। योजना के तहत आम नागरिकों को सोलर ऊर्जा से बिजली उपलब्ध कराने, बिजली बिल में राहत और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लाभ बताए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर छत्तीसगढ़ के विकास, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और जनकल्याण योजनाओं के प्रति जागरूकता का संकल्प लिया गया। आयोजन ने छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का सार्थक प्रयास किया।
छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव: परसुली पावरहाउस परिसर में हुआ भव्य आयोजन, विद्युत ऊर्जा के 25 वर्षों की उपलब्धियों पर डाली गई रोशनी
