DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

15 मार्च तक सभी आवास पूर्ण करना अनिवार्य, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

जनपद पंचायत गुरूर में सीईओ उमेश रात्रे ने आवास व अन्य योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की

गुरूर। जनपद पंचायत गुरूर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री उमेश रात्रे ने प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य विभागीय योजनाओं के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अप्रारंभ एवं प्रगतिरत आवासों को 15 मार्च तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए, साथ ही सभी आवासों में 90 दिवस की अवधि पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए।
सीईओ श्री रात्रे ने योजना के पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी नोडल अधिकारियों, तकनीकी सहायकों एवं रोजगार सहायकों को प्रतिदिन स्थल निरीक्षण एवं परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना अंतर्गत कार्यरत समस्त अमले को आवास हितग्राहियों का यथासंभव सहयोग करना होगा, ताकि निर्माण कार्य समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण हो सके।
समीक्षा के दौरान जिन पंचायतों में आवास निर्माण की प्रगति अत्यंत धीमी पाई गई, वहां के नोडल अधिकारियों एवं रोजगार सहायकों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्हें आवास चौपाल, व्यापक प्रचार-प्रसार एवं नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिन पंचायतों में अब तक संतोषजनक प्रगति नहीं हुई है, उन्हें 15 दिवस के भीतर ठोस प्रगति सुनिश्चित करने की चेतावनी दी गई।
बैठक में सीईओ श्री रात्रे ने VB-GRAMG एवं अन्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की भी समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के उद्देश्य एवं दिशा-निर्देशों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
इस समीक्षा बैठक में अतिरिक्त सीईओ श्री बागड़े एवं श्री सिरमौर, योगेश देवांगन (पीओ, VB-GRAMG), चंद्रशेखर सिन्हा (तकनीकी सहायक आवास) सहित समस्त तकनीकी सहायक एवं ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित थे।

You cannot copy content of this page