माघ पूर्णिमा पर गौरैया धाम में आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई पवित्र डुबकी



बालोद। बालोद जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल गौरैया धाम में माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धा और आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। शनिवार रात्रि से लेकर रविवार पूरे दिन तक आयोजित गौरैया मेला में हजारों श्रद्धालुओं ने तांदुला नदी में पवित्र डुबकी लगाई और देवी-देवताओं के दर्शन कर दान-दक्षिणा अर्पित की। रविवार को आयोजित विशाल मेले में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

तीन दिवसीय गौरैया मेला, संगम स्थल पर उमड़ा जनसैलाब

गौरैया मेला का आयोजन 30, 31 जनवरी एवं 1 फरवरी को पैरी, चौरेल और मोहलई नदी के संगम स्थल पर किया गया। 31 जनवरी की रात्रि से ही हजारों श्रद्धालु गौरैया धाम पहुंचने लगे थे। रविवार सुबह श्रद्धालुओं ने तांदुला नदी में स्नान कर मंदिरों में देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की। दोपहर दो बजे के बाद मेले में भीड़ तेजी से बढ़ी और शाम पांच बजे तक स्थिति यह रही कि पैर रखने तक की जगह नहीं बची।

झूला, मीना बाजार और खरीदारी का रहा विशेष आकर्षण

मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं ने झूला, मीना बाजार सहित अन्य मनोरंजन साधनों का भरपूर आनंद लिया। मिठाइयों, खिलौनों और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानों पर भी भारी भीड़ देखी गई। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक मेले का उत्साह नजर आया और देर शाम तक बाजार गुलजार रहा।

झूला स्थल रहा मेले का केंद्र बिंदु

मेले में 50 से अधिक प्रकार के झूले लगाए गए थे, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने रहे। बड़ों के लिए ड्रैगन झूला, हवाई झूला जैसे रोमांचक झूले लगाए गए थे, वहीं बच्चों के लिए भी विभिन्न प्रकार के झूलों की व्यवस्था की गई थी। झूला स्थल पर सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली और देर रात तक लोग झूलों का आनंद लेते रहे।

धार्मिक आयोजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा मेला

मेले के दौरान पैरी पार में गायत्री यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुतियां दीं। रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसका श्रद्धालुओं ने भरपूर आनंद लिया। गुरु घासीदास मंदिर प्रबंध समिति द्वारा सम्मान समारोह आयोजित कर समाज की प्रतिभाओं और विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।

पंडवानी, प्रवचन और भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

गौरैया न्यास श्री सिद्ध शक्तिपीठ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पंडवानी प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं मोहलई घाट स्थित संत कबीर घाट में चौका आरती के साथ दिनभर भंडारा चलता रहा। तीन दिनों तक बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू, डॉ. दयाराम साहू, किसान नेता टोमन साहू, टीकाराम साहू सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। साथ ही महात्मा लेखचंद साहेब का प्रवचन भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहा।

You cannot copy content of this page