दुर्ग/बालोद। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाइयों से चयनित स्वयंसेवकों की एक विशेष टीम ने राज्य स्तरीय सात दिवसीय आवासीय NSS शिविर में सहभागिता करते हुए बालोद जिले की सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई। यह शिविर 22 से 28 जनवरी 2026 तक शासकीय दाऊ कल्याण सिंह महाविद्यालय, बलौदाबाजार में राज्य एनएसएस अधिकारी डॉ. नीता बाजपेयी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार किया गया।
इस राज्य स्तरीय शिविर में बालोद जिले सहित विश्वविद्यालय से चयनित स्वयंसेवक खिलेश कुमार, रुद्र प्रताप, करुणा गोरे, महिमा रावते, जीतू राज, राहुल देव बघेल, नितेश बंजारे, प्रदीप कुमार, रितेश, रेणुका, स्नेहा साहू, अरविंद सोनवानी, राहुल डोंगरे, डी. केश्वरी साहू, कामरान अली सिद्दीकी, पल्लवी ठाकुर, शुभम भट्ट, दीपाली देवांगन, गजेंद्र पटेल एवं राजेश्वरी उपाध्याय ने कार्यक्रम अधिकारी वजन राम साहू एवं प्रेरणा सिंह ठाकुर के नेतृत्व में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नशा मुक्त समाज का सशक्त संदेश दिया।
शिविर के दौरान सातों दिन विभिन्न प्रतियोगिताएं, परियोजना कार्य, योग, सांस्कृतिक रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं बौद्धिक परिचर्चाएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में डिजिटल पोस्टर मेकिंग में कामरान अली सिद्दीकी ने प्रथम स्थान, शॉर्ट वीडियो प्रतियोगिता में रुद्र प्रताप ने द्वितीय स्थान तथा रील्स वीडियो प्रतियोगिता में शुभम भट्ट ने तृतीय स्थान प्राप्त कर बालोद जिले एवं विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया। इसके साथ ही स्वयंसेवकों ने बस्तरिया आदिवासी, सरगुजिया कर्मा एवं छत्तीसगढ़ के सदाबहार बारामासी गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
यह सात दिवसीय आवासीय शिविर युवाओं के व्यक्तित्व विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व क्षमता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था, जिसका मुख्य विषय “नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका” रहा। शिविर के छठवें दिन आयोजित सांस्कृतिक रैली में स्वयंसेवकों के साथ पैदल चलकर उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने पूरे बलौदाबाजार नगर में सामाजिक एवं सांस्कृतिक जागरूकता का संदेश दिया।
शिविर के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि टंक राम वर्मा, उच्च शिक्षा मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन ने विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए। अपने संबोधन में उन्होंने “जैसी संगत, वैसी रंगत” का उदाहरण देते हुए धीरूभाई अंबानी, रामायण एवं महाभारत के प्रसंगों के माध्यम से अच्छी संगत और सकारात्मक सोच के महत्व पर प्रकाश डाला।
रात्रि में कैंप फायर के पश्चात पारंपरिक गीतों पर उल्लासपूर्ण वातावरण में सात दिवसीय राज्य स्तरीय NSS शिविर का समापन हुआ।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कार्यक्रम समन्वयक जनेन्द्र कुमार दीवान, बालोद जिला संगठक डॉ. लीना साहू एवं प्राचार्य एम. एल. देशमुख ने बालोद जिले से सहभागिता करने वाले स्वयंसेवकों सहित संपूर्ण टीम को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि यह अनुभव उन्हें समाज में सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बनाएगा।
