DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

पुलिस ने किया खुलासा : प्रेम, शक और झगड़े की खौफनाक कहानी: 24 घंटे में सुलझा कमला राजपूत हत्याकांड, आरोपी गिरफ्तार

बालोद पुलिस की बड़ी कामयाबी, साइबर सेल व डौण्डीलोहारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

बालोद | कमला राजपूत हत्याकांड का खुलासा बालोद पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर कर दिया है। पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में थाना डौण्डीलोहारा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुरामी के जंगल में मिले अज्ञात महिला के शव के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या की शिकार महिला की पहचान कमला राजपूत, निवासी बुढ़ापारा, बालोद के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी नेमीचंद साहू (30 वर्ष), पिता जंगलू राम साहू, निवासी भांठा पारा तरौद, थाना बालोद को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक नग मोटरसाइकिल एवं मृतिका का मोबाइल हैंडसेट जब्त किया गया है।

मामले का संक्षिप्त विवरण

दिनांक 24 जनवरी 2026 को थाना डौण्डीलोहारा क्षेत्र के ग्राम गुरामी के जंगल में एक महिला का सड़ी-गली अवस्था में शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम, साइबर सेल, डॉग स्क्वॉड एवं थाना स्टाफ तत्काल मौके पर पहुंचे।
घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच की गई। विशेषज्ञों की राय के आधार पर मामला हत्या का प्रतीत होने पर थाना डौण्डीलोहारा में मर्ग एवं अपराध क्रमांक 19/2025, धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

विशेष टीम का गठन

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक बालोद के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बालोद श्रीमती मोनिका ठाकुर के पर्यवेक्षण तथा एसडीओपी बालोद श्री बोनीफास एक्का के नेतृत्व में सायबर सेल एवं थाना डौण्डीलोहारा की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई।

साइबर प्रहरी ग्रुप से हुई मृतिका की पहचान

अज्ञात मृतिका की पहचान के लिए जिले के सभी थाना क्षेत्रों के साइबर प्रहरी ग्रुप में शव की तस्वीर साझा की गई। जांच के दौरान थाना बालोद में दर्ज गुम इंसान क्रमांक 08/2026 से मिलान करने पर मृतिका की पहचान श्रीमती कमला राजपूत के रूप में हुई। परिजनों द्वारा पहचान की पुष्टि के बाद जांच को निर्णायक दिशा मिली।

CCTV और तकनीकी साक्ष्य से आरोपी तक पहुंच

सायबर सेल टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य एवं सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया, जिससे संदिग्ध नेमीचंद साहू की पहचान हुई। हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

ये है आरोपी का कबूलनामा

आरोपी ने बताया कि उसका मृतिका से पिछले 5 से 7 वर्षों से प्रेम संबंध था। मृतिका परित्यक्ता थी और आरोपी उससे विवाह कर साथ रहने का दबाव बना रहा था। दिनांक 16 जनवरी 2026 को दोनों मोटरसाइकिल से ग्राम गुरामी के जंगल पहुंचे। वहां आपसी संबंध के बाद घर जाने की बात को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में आरोपी ने पहले मारपीट की, फिर गला दबाकर बेहोश किया, इसके बाद जंगल के भीतर ले जाकर पत्थरों से सिर और चेहरे पर वार कर उसकी हत्या कर दी। शव को छिपाने के लिए उस पर पत्थर डाल दिए गए।

पुलिस टीम का सराहनीय योगदान

इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में थाना प्रभारी डौण्डीलोहारा निरीक्षक श्री मुकेश सिंह, सायबर सेल प्रभारी स.उ.नि. धरम भुआर्य , प्रधान आरक्षक भुनेश्वर मरकाम, विवेक शाही, आरक्षक भोपसिंह साहू ,राहुल मनहरे, विपिन गुप्ता, आकाश दुबे, पुरन देवांगन, आकाश सोनी, योगेश पटेल, गुलझारी साहू मिथलेश यादव, रवि गंधर्व, मनीष ठाकुर, सायबर सेल एवं थाना डौण्डीलोहरा से सउनि अनित राम यादव, प्रधान आरक्षक लिलेश्वरी देवांगन ,बिरेन्द्र साहू, अरविंद यादव, आरक्षक पूनम खरे , अजय विनोद, धर्मेंद्र सेन,भीष कुमार पीस्दा, भूपेंद्र ठाकुर ,बेनी साहू का विशेष योगदान रहा।

पहले ही हमने मामले का खुलासा कर दिया था

You cannot copy content of this page