DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

सहायक शिक्षक फेडरेशन के आंदोलन का असर, दुर्ग संभाग में मिडिल स्कूल प्रधानपाठक पद पर 780 पदोन्नति आदेश जारी

दुर्ग/बालोद। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के आंदोलन का असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। दुर्ग संभाग के संयुक्त संचालक द्वारा मिडिल स्कूल प्रधानपाठक के 780 पदों पर पदोन्नति आदेश अंततः जारी कर दिए गए हैं। इन पदों में नियमित शिक्षक, एलबी संवर्ग शिक्षक, शिक्षा विभाग एवं आदिम जाति विभाग के शिक्षक शामिल हैं।
गौरतलब है कि 5 जनवरी 2026 को सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के प्रांत अध्यक्ष रविंद्र राठौर के नेतृत्व में संयुक्त संचालक दुर्ग कार्यालय का एकदिवसीय घेराव किया गया था। लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे शिक्षकों में लगातार आक्रोश बढ़ रहा था, जिसे लेकर संगठन द्वारा पूर्व में कई बार ज्ञापन सौंपे गए थे। घेराव के पश्चात अधिकारियों ने पदोन्नति सूची जारी कर दी है, हालांकि काउंसलिंग की तिथि बाद में घोषित की जाएगी। संगठन ने मांग रखी है कि जिन स्कूलों में संस्था प्रमुख का पद रिक्त है और उसी विद्यालय के शिक्षक का नाम पदोन्नति सूची में है, उन्हें उसी विद्यालय में पदस्थ किया जाए। साथ ही रिक्त पदों की सूची जारी करने की भी मांग की गई है, जिससे काउंसलिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
संगठन ने पदोन्नत सभी शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई है कि सहायक शिक्षकों की वरिष्ठता सूची का प्रकाशन शीघ्र होगा, जिसके पश्चात उच्च वर्ग शिक्षक पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया भी जल्द पूरी की जाएगी।
शिक्षक संवर्ग की पदोन्नति को लेकर शीघ्र समाधान हेतु संगठन द्वारा संयुक्त संचालक दुर्ग से पुनः मुलाकात किए जाने की जानकारी भी दी गई है। इस सफल आंदोलन में मुख्य रूप से रविंद्र राठौर (प्रांत अध्यक्ष), देवेंद्र हरमुख (उपाध्यक्ष), कौशल अवस्थी एवं बसंत कौशिक (प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष), कृष्णा वर्मा (जिला अध्यक्ष दुर्ग), पोखन साहू (जिला अध्यक्ष बेमेतरा), राजकुमार यादव (मानपुर-मोहला), एलेंद्र यादव (बालोद), रमेश साहू (राजनांदगांव), प्रेम नारायण शर्मा (कबीरधाम), रामलाल साहू (खैरागढ़) सहित ओमनारायण साहू, चंद्रप्रकाश तिवारी, चंद्रशेखर पटेल, सुनील साहू एवं अन्य शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। साथ ही प्रांतीय मीडिया प्रभारी अशोक कुमार धुर्वे के सहयोग को भी संगठन ने सराहा है।
अंत में संगठन ने संयुक्त संचालक दुर्ग का आभार व्यक्त करते हुए पदोन्नत शिक्षकों को पुनः शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

You cannot copy content of this page