DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बच्चों ने बैगलेस डे पर सीखा पर्यावरण संरक्षण और जीवनोपयोगी कौशल

बालोद। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सम्बलपुर में बैगलेस डे के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान कौशल बोध विषय एवं ईको क्लब के अंतर्गत बच्चों को अनुभवात्मक शिक्षण के माध्यम से गमला निर्माण और पौधों की देखभाल का व्यावहारिक ज्ञान दिया गया। कौशल बोध विषय के अंतर्गत विद्यार्थियों ने स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक ज्ञान का उपयोग करते हुए गमला निर्माण किया। इसमें गोबर को प्राकृतिक और जैविक खाद के रूप में इस्तेमाल किया गया। इस गतिविधि से बच्चों को जैविक खाद के महत्व, मिट्टी संरक्षण, पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली और स्वावलंबन का प्रत्यक्ष अनुभव मिला। वहीं ईको क्लब ने “एक वृक्ष – पाँच विद्यार्थी” की अभिनव पहल लागू की। इसके तहत प्रत्येक पौधे के लिए पाँच विद्यार्थियों का समूह बनाया गया, जिन्हें “वृक्ष मित्र” नाम दिया गया। ये वृक्ष मित्र अपने-अपने पौधों की सिंचाई, सुरक्षा और जैविक खाद के उपयोग से देखभाल स्वयं करते हैं। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में प्रकृति प्रेम, जिम्मेदारी, नेतृत्व और सामूहिक कार्य की भावना विकसित करना है। विद्यालय परिवार का मानना है कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर जीवनोपयोगी कौशल सिखाने में सहायक होती हैं और उनमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक नागरिक बनने की प्रेरणा देती हैं।

You cannot copy content of this page