DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

ग्राम तमोरा में शिरोमणि भक्त गुहा निषादराज जयंती एवं सम्मान समारोह श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न

बालोद । छत्तीसगढ़ निषाद (केवट) समाज द्वारा शिरोमणि भक्त गुहा निषादराज जयंती एवं सम्मान समारोह का आयोजन 18 जनवरी 2026 को ग्राम तमोरा में श्रद्धा, भक्ति एवं सामाजिक चेतना के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समाज के इष्टदेव शिरोमणि भक्त गुहा निषादराज, आराध्य देव प्रभु श्रीरामचंद्र एवं माता जानकी की विधिवत पूजा-अर्चना से हुआ।
पूजा उपरांत भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें प्रभु श्रीराम, माता जानकी एवं लक्ष्मण जी को केवट द्वारा गंगा पार कराते हुए चलित झांकी का मनोहारी प्रदर्शन किया गया। शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में बच्चे, युवा, बुजुर्ग एवं माताएं रामभजन, कीर्तन गाते हुए उत्साहपूर्वक शामिल हुए। शोभायात्रा निषाद मंदिर पहुंचकर सभा में परिवर्तित हो गई। इस दौरान समाजजनों द्वारा जगह-जगह जलपान, मिष्ठान एवं फलों का वितरण भी किया गया। समारोह के दूसरे सत्र की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी ने की। विशेष अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती टेमरिया, धर्मेंद्र साहू (मंडल अध्यक्ष करहीभदर), टेमन साहू (सदस्य जनपद पंचायत), सरपंच शोभाजली गंजीर सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
अपने उद्बोधन में अतिथियों ने समाज के विकास पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा समाज की आत्मा है, जो एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक आगे बढ़ती है। समाज में सभी को अधिक से अधिक शिक्षित करने की आवश्यकता है, जिससे गरीबी के दुष्चक्र से बाहर निकला जा सके। उन्होंने बेटियों को समान अधिकार, सम्मान एवं शिक्षा देने पर विशेष जोर दिया। जिला निषाद समाज के वक्ताओं ने कहा कि भक्त गुहा निषादराज के बिना रामचरितमानस अधूरी है। उनके आदर्श चरित्र को जीवन में उतारने की आवश्यकता है। आज समाज को रोजगार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसे लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए युवाओं को आगे आना होगा। युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त होने से समाज में व्याप्त कुरीतियों का अंत संभव है। कार्यक्रम के दौरान दहेज प्रथा, बाल विवाह, महिला उत्पीड़न, विधवाओं के प्रति उपेक्षा, अंधविश्वास, नशा एवं रूढ़िवादी प्रथाओं जैसी सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध जागरूकता एवं संकल्प लिया गया। समाज ने इन कुरीतियों के उन्मूलन की दिशा में एकजुट होकर कार्य करने का संदेश दिया। इस आयोजन को सफल बनाने में दीना यादव, बिरेन्द्र साहू, सुकदेव निषाद, तिलक निषाद, कोमल निषाद, तामेश्वर सोनवानी, राधेलाल निषाद, मनोज निषाद, हिरेन्द्र निषाद, समाज के पदाधिकारीगण एवं ग्राम तमोरा के समस्त ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा।

You cannot copy content of this page