DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

दल्ली राजहरा में 17 जनवरी को बाल विज्ञान कार्यशाला, बच्चों में विकसित होगी वैज्ञानिक सोच

दल्ली राजहरा। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, प्रयोगात्मक ज्ञान और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को सशक्त बनाने के उद्देश्य से दल्ली राजहरा में बाल विज्ञान कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला 17 जनवरी 2026, शनिवार को सरस्वती शिशु मंदिर, दल्ली राजहरा में संपन्न होगी। कार्यक्रम का आयोजन प्रजानम बहुआयामी संस्था, दल्ली राजहरा तथा सरस्वती शिशु मंदिर समिति, दल्ली राजहरा के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजन में छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध टीम ‘प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा’ का विशेष सहयोग रहेगा।

इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रयोग, प्रदर्शन एवं प्रदर्शनी के माध्यम से विज्ञान की अवधारणाओं को सरल भाषा में समझाना है। साथ ही बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित कर उन्हें प्रकृति संरक्षण, नवाचार और तार्किक सोच के लिए प्रेरित करना भी आयोजन का प्रमुख लक्ष्य है। आयोजकों का मानना है कि इस प्रकार की कार्यशालाएं बच्चों को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर व्यवहारिक अनुभव प्रदान करती हैं।

कार्यक्रम का उद्घाटन समारोह सुबह 9 बजे आयोजित होगा। उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि होंगे श्री तोरण लाल साहू, अध्यक्ष नगर पालिका, दल्ली राजहरा। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री किशन साहू, प्राचार्य, सरस्वती शिशु मंदिर दल्ली राजहरा करेंगे। उद्घाटन अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री प्रवीण चतुर्वेदी, खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) डौंडी, श्री आशुतोष माथुर , वरिष्ठ समाजसेवी दल्ली राजहरा तथा श्री तिलोकचंद कोचर, वरिष्ठ समाजसेवी दल्ली राजहरा उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम का समापन समारोह दोपहर 3 बजे आयोजित किया जाएगा। समापन सत्र के मुख्य अतिथि श्री आर.बी. गहरवार, सी.जी.एम., राजहरा माइंस होंगे। समापन समारोह की अध्यक्षता भी श्री किशन साहू, प्राचार्य, सरस्वती शिशु मंदिर दल्ली राजहरा द्वारा की जाएगी। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री सुरेश साहू, अनुविभागीय अधिकारी, राजहरा–दल्ली राजहरा तथा श्री विक्की तोलानी, वरिष्ठ समाजसेवी दल्ली राजहरा शामिल होंगे।

बाल विज्ञान कार्यशाला में विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान आधारित विभिन्न मॉडल, प्रयोग एवं गतिविधियों का प्रदर्शन किया जाएगा। ‘प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा’ की टीम द्वारा रोचक वैज्ञानिक प्रयोगों के माध्यम से बच्चों को विज्ञान के प्रति उत्साहित किया जाएगा, जिससे उनकी जिज्ञासा और समझ दोनों का विकास होगा।

आयोजक संस्था एवं विद्यालय प्रबंधन ने नगर के जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, अभिभावकों तथा आम नागरिकों से अपील की है कि वे कार्यक्रम में उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करें। आयोजकों का विश्वास है कि यह बाल विज्ञान कार्यशाला विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल सिद्ध होगी।

कार्यक्रम की सभी तैयारियां प्रजानम बहुआयामी संस्था एवं सरस्वती शिशु मंदिर समिति, दल्ली राजहरा द्वारा पूर्ण कर ली गई हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि यह आयोजन शिक्षा और विज्ञान के क्षेत्र में नई सोच को जन्म देगा।

You cannot copy content of this page