800 लोगों को कराया निशुल्क भोजन, रायपुर एम्स अस्पताल के पास ए मां भोजन समिति के मंदिर प्रांगण में हुआ अनूठा आयोजन
बालोद । बालोद जिले के ग्राम नर्रा के रहने वाले रेलवे में पदस्थ समाजसेवी बेनूराम साहू के बेटे जयंत कुमार साहू भी अपने पिता के नक्शे कदम पर चलने लगे हैं। उन्होंने बीते दिनों अपना 18वा जन्मदिन जन सेवा करते हुए मनाया। 12वीं कक्षा में अध्यनरत जयंत कुमार साहू ने रायपुर एम्स अस्पताल के पास संचालित ए मां भोजन समिति के जरिए मंदिर प्रांगण में जरूरतमंदों को भोजन कराया। करीब 800 लोगों को जयंत और उनके परिवार ने भोजन बनवाकर स्वयं परोसा। लोगों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए खूब आशीर्वाद दिया। जन्मदिन पर किसी भी तरह के फिजूल खर्ची से बचते हुए जयंत कुमार साहू ने एक मिसाल पेश की। उन्होंने भिलाई में मंदिर में पूजा अर्चना पश्चात गौ पूजा और गाय को हरी सब्जी खिलाकर अपने जन्मदिन की शुरुआत की। फिर रायपुर पहुंचकर ए मां भोजन समिति के तत्वाधान में आयोजित निशुल्क भोजन सेवा के तहत योगदान देते हुए उन्होंने सार्वजनिक रूप से जन्मदिन को जन सेवा में तब्दील करते हुए इसे यादगार बनाया। ज्ञात हो कि इसके पूर्व विगत तीन सालों से उनकी बहन का जन्मदिन भी इसी तरह मनाया गया था। रेलवे में सीनियर पैसेंजर ट्रेन मैनेजर के पद पर पदस्थ वर्तमान में पदुमनगर भिलाई 3 के रहने वाले बेनू राम साहू अपने समाज सेवा के कार्य के लिए जाने जाते हैं। इसके लिए वे कई मंचों पर सम्मानित हो चुके हैं। अपने पिता के कार्यों से प्रेरणा लेते हुए अब उनका बेटा जयंत साहू भी इस समाज सेवा के कार्य को आगे बढ़ रहा है। वही ए मां भोजन समिति लगभग 7 सालों से इसी तरह एम्स अस्पताल आने वाले जरूरतमंदों को निशुल्क भोजन करवा रहा है। जो विभिन्न दानदाताओं की मदद से दोनों समय दोपहर और शाम को भोजन की व्यवस्था की जाती है। जयंत कुमार साहू ने कहा कि हम युवाओं को बाहरी दिखावा या फिजूल खर्च के बजाय जरूरतमंद लोगों को सहयोग करना चाहिए। उपदेश से अच्छा है उदाहरण प्रस्तुत करें।इनसे मिलने वाले दुआएं जिंदगी में कभी न कभी ज़रूर काम आयेगी।
