भाजपा सरकार की दमनकारी नीतियों और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ बालोद कांग्रेस का हल्ला बोल 21 को

बालोद। जिला कांग्रेस कमेटी, बालोद द्वारा केंद्र की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और जिले में व्याप्त अव्यवस्थाओं के खिलाफ एक दिवसीय विशाल धरना प्रदर्शन का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी आवाज बुलंद करेंगे। जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री (संगठन/प्रशासन) ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र सरकार द्वारा राजनीतिक द्वेषवश हमारे शीर्ष नेता श्री राहुल गांधी एवं श्रीमती सोनिया गांधी के विरुद्ध ED (प्रवर्तन निदेशालय) के माध्यम से फर्जी मुकदमे दर्ज कर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है, जो लोकतंत्र की हत्या है। हाल ही में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रति अपनी ओछी मानसिकता दर्शाते हुए भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा से बापू का नाम हटाने का जो कुत्सित प्रयास किया जा रहा है, कांग्रेस उसका पुरजोर विरोध करती है। इसके अलावा, बालोद जिले की लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था भी चिंता का विषय है, जिससे आम जनता स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही है। इन सभी मुद्दे को लेकर धरना प्रदर्शन 21 दिसम्बर दोपहर 11:30 बजे से जय स्तंभ चौक कांग्रेस भवन के पास जिला मुख्यालय बालोद में होगा। इस प्रदर्शन में पूर्व मंत्री एवं विधायक अनिला भेड़िया, विधायक संगीता सिन्हा, विधायक कुँवर सिंह निषाद, पूर्व विधायक डोमेन्द्र भेड़िया एवं भैया राम सिन्हा विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने जिला पंचायत, जनपद पंचायत, नगरीय निकाय के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारियों और समस्त मोर्चा संगठनों (युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, किसान कांग्रेस आदि) सहित सभी वरिष्ठ कांग्रेसजनों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस लोकतांत्रिक आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।

You cannot copy content of this page