डीबी डिजिटल मीडिया बालोद।तीन दिनों के तीज का पर्व हरितालिका की शुरुआत करू भात भोज से आज प्रारंभ होने जा रहा है। शाम को तीजा का उपवास रखने वाली महिलाएं सामूहिक रूप से करू भात का सेवन करेंगे। पूरे जिले भर में यह तीज उत्साह के साथ मनाया जाता है साथ ही यह बहन और भाभियों के प्रति स्नेह को बढ़ावा देने का भी एक विशेष अवसर होता है । इस अवसर पर बालोद जिले में कुछ लोग स्वयं के खर्चे पर सैकड़ो, हजारों सुहागन महिलाओं को करू भात खिलाने की व्यवस्था करते हैं। आज हम उनमें से कुछ चुनिंदा दंपती के बारे में बता रहे हैं जो इस तरह का आयोजन वर्षों से करते आ रहे हैं।

पहले बात करते हैं गुण्डरदेही विधानसभा क्षेत्र के विधायक अर्जुंदा निवासी कुंवर सिंह निषाद और उनकी पत्नी दंतेश्वरी निषाद की। जिनके द्वारा जब से वे विधायक बने हैं अपने पूर्व कार्यकाल के समय से हर वर्ष अपने गृह नगर अर्जुंदा में तीज महोत्सव का आयोजन किया जाता है। इस बार भी उनके द्वारा दो दिवसीय तीज महोत्सव करवाया जा रहा है ।जो 25 और 26 अगस्त को होगा। विधायक द्वारा इस अवसर पर 25 अगस्त को शाम 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक तीजहारीन माता बहनों के लिए करू भारत का आयोजन स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी मीडियम स्कूल प्रांगण अर्जुंदा में किया गया है। जहां करू भात के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता भी होगी। जिसमें विभिन्न पुरस्कार भी रखे गए हैं। 26 अगस्त मंगलवार को फुगडी, कुर्सी दौड़, सुई धागा, मटका फोड़, गोली चम्मच, रस्सा खींच, रंगोली, मेहंदी, मटका दौड़, कबड्डी आदि आयोजन रखे गए हैं । 26 अगस्त की रात को सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत ही राकेश साहू कृत संगी के मया सांस्कृतिक कार्यक्रम गुण्डरदेही की प्रस्तुति भी होनी है। इस पूरे आयोजन के आयोजक विधायक कुंवर सिंह निषाद व नव नंगारा पाठ युवा समिति एवं समस्त नगर वासी अर्जुंदा हैं। विधायक कुंवर सिंह निषाद द्वारा किए जाने वाले तीज महोत्सव में हजारों महिलाएं भाग लेती हैं। इस बार भी दो दिवसीय आयोजन की वृहद तैयारी की गई है ।

कुसुमकसा में जनपद सदस्य देते हैं श्रृंगार सामग्री
इसी तरह कुसुमकसा के एक जनपद सदस्य हैं मंजू संजय बैस और उनके पति समाजसेवी पूर्व जनपद सदस्य संजय बैस, इनके द्वारा भी करीब 7 सालों से जब उनके पति संजय बैस स्वयं जनपद सदस्य थे, तब से करू भात और तीजहारीन महिलाओं को साड़ी और श्रृंगार सामग्री भेंट करने की पहल की जा रही है। पिछले साल 650 महिलाओं को उनके द्वारा करू भात का सेवन करवा कर श्रृंगार सामग्री भेंट की गई थी इस बार भी आयोजन की वृहद तैयारी की गई है। जनपद सदस्य श्रीमती बैस ने बताया कि महिलाओं के लिए करू भात की व्यवस्था कर उन्हें श्रृंगार सामग्री भेंट कर हमें बहुत खुशी मिलती है। सुहागिन महिलाओं का आशीष हमें मिलता है और इसी का प्रताप रहा है कि पिछले पंचवर्षीय मेरे पति जनपद सदस्य थे और अब मैं जनपद सदस्य चुनाव जीतकर आई हूं। ज्ञात हो कि दोनों पति-पत्नी समाज सेवा के क्षेत्र में हमेशा अग्रणी रहे हैं तो वहीं क्षेत्र की समस्याओं को सुलझाने में भी हमेशा तत्पर रहे हैं। तीज महोत्सव में श्रृंगार सामग्री पाकर सुहागिन महिलाएं काफी प्रसन्न होती हैं। स्थानीय लोगों की मदद से जनपद सदस्य और उनके परिवार के लोग सामूहिक रूप से महिलाओं को करू भात परोस कर खिलाते हैं।

सिर्राभांठा में आयोजन का पांचवा वर्ष
इसी तरह गुण्डरदेही ब्लॉक का एक गांव है सिर्राभांठा ,जहां रहते हैं समाज सेवी राजेश सिन्हा और उनकी पत्नी रानी सिन्हा, इनके द्वारा भी विगत कई वर्ष से गांव की बहनों और भाभियों को लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में करू भात खिलाया जाता है। सोमवार को शाम 6 बजे इस बार भी यह आयोजन किया गया है। जहां गांव में दूर दराज अपने ससुराल से मायके आने वाली बहाने सहेलियां साथ मिलते हुए इस आयोजन में शामिल होती है। राजेश सिन्हा का कहना है कि मेरे गांव में मिलन समारोह के रूप में यह आयोजन करता हूं। यह कार्यक्रम का पांचवा वर्ष है। उन्होंने सभी बहनों और भाभियों को निवेदन किया है कि इस आयोजन में हिस्सा लेकर इसे सफल जरूर बनाएं।
