DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

सरस्वती शिशु मंदिर जगन्नाथपुर में हुई अभिभावक बैठक, मोबाइल का बच्चों में बढ़ती लत को लेकर किया गया चिंतन

डीबी डिजिटल मीडिया बालोद। बालोद जिले के सरस्वती शिशु मंदिर पूर्व माध्यमिक विद्यालय जगन्नाथपुर में शुक्रवार को अभिभावक बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान सिद्धिविनायक शिक्षण समिति के पदाधिकारी सहित बच्चों के पालकों को आमंत्रित किया गया था। शाला में हो रही पढ़ाई सहित अन्य गतिविधियों को लेकर पालको से राय मांगी गई। साथ ही उनकी शिकायतें भी सुनी गई।

बच्चों में किस तरह के सुधार की अपेक्षा है यह भी बात सामने आई। इसमें प्रमुख रूप से अधिकतर पालकों ने बताया कि आजकल के बच्चे ज्यादातर समय मोबाइल में बिता रहे हैं। घर आते ही बच्चे होमवर्क करने के बजाय मोबाइल में रील देखने और गेम खेलने की लत के शिकार हो रहे हैं। ऐसे में पढ़ाई से दूर जा रहे हैं। इस पर शिक्षकों ने भी कहा कि यह अब के दौर के लिए काफी चिंता का विषय है। ऐसे में शिक्षकों सहित पालकों को मिलजुल कर कार्य करना होगा और बच्चों को मोबाइल की लत से बचना होगा। शिक्षा के कार्य से जितना जरूरी हो उतने समय तक ही बच्चों को अपनी निगरानी में मोबाइल देने के निर्देश प्रधानाचार्य ताराचंद साहू ने दिए। कुछ पालकों ने मोबाइल पर होमवर्क दिए जाने को लेकर भी बात रखी है। उन्होंने कहा कि बालक, पालक और शिक्षक तीनों के समन्वय से सर्वांगीण विकास कर सकते हैं। इसीलिए समय-समय पर अभिभावक बैठक और प्रतिदिन अवकाश के बाद शिक्षकों द्वारा बच्चों के घर संपर्क किया जाता है ताकि जो भी समस्या आ रही है उनको जल्द से जल्द सुलझाया जा सके। इस बैठक के दौरान अक्षर सुधार, सांस्कृतिक कार्यक्रम हेतु प्रोत्साहन, खेलकूद आदि गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हुई। वही पालकों से यह भी कहा गया कि बच्चों को जो होमवर्क देते हैं उनकी भी निगरानी करें । देखते रहे कि बच्चे होमवर्क करते हैं कि नहीं? कहीं वह गलतियां तो नहीं कर रहे हैं। पालक भी घर पर बच्चों को अपने स्तर पर जितना समय दे सके जरूर पढ़ाए ।

पालक भी दिला सकेंगे भारतीय संस्कृति ज्ञान की परीक्षा

वही आने वाले दिनों में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा भी होनी है। जिसमें पालक भी हिस्सा ले सकते हैं। इसके जरिए पालकों को भी हमारे देश की संस्कृति, सभ्यता और इतिहास को जानने का मौका मिलेगा। भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा पालकों को पश्चिमी सभ्यता की ओर ना ले जाने और उन्हें सही मार्गदर्शन देने के लिए शुरू किया गया है। सरस्वती शिशु मंदिर संस्थाओं का प्रमुख उद्देश्य संस्कृति और संस्कारों का संरक्षण है ताकि आने वाली पीढ़ी भी सही दिशा में आगे बढ़ सके। बैठक में पुरन लाल साहू,सारिका पवार,मनीषा पवार,पद्मनी पटेल, गामिनी बाई साहू, निर्मला,शुभम ठाकुर,गुरुशरण ठाकुर, शिव कुमार, तोखन लाल,चेतन,पुरुषोत्तम पटेल, नारद, समिति अध्यक्ष खिलानंद गिलहरा, उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार जेठमल, दीपक यादव, स्कूल स्टाफ से खेमिन साहू,रेखलाल देशमुख, धनंजय साहू,त्रिवेणी दुबे, लक्ष्मी साहू, चैन कुमारी नेताम, माधुरी यादव, भावना सुनहरे, रीना देशलहरे, किरण यादव, हरीश साहू, नुमेश्वरी विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page