DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

गुरुर ब्लॉक में ना हो हादसे, कोई न मरे बेमौत इसलिए हेलमेट को लेकर जागरूकता फैला रहे हैं अधिकारी

पहुंचे पेट्रोल पंप में, बता रहे हैं हेलमेट की अहमियत

गुरुर। गुरुर ब्लॉक सहित नगर पंचायत मुख्यालय के पेट्रोल पंप में जाकर बुधवार को अधिकारी कर्मचारियों ने जागरूकता अभियान चलाया। खासकर एसडीएम आरके सोनकर, जनपद सीईओ उमेश रात्रे ,एसडीओपी बोनीफास एक्का सहित अन्य अधिकारियों की टीम पेट्रोल पंप में पहुंची और पेट्रोल डलवाने आए लोगों को हेलमेट की अहमियत बताई गई। तहसीलदार आरके सोनकर ने वाहन चालकों को समझाते हुए कहा कि आप हेलमेट को बोझ नहीं समझिए , इसे जरूर पहनें। यह आपकी जान बचा सकते हैं। सोचो अगर किसी के घर इकलौता बेटा होता है और किसी तरह के हादसे में उसकी जान चली जाती है तो फिर परिवार तबाह हो जाता है, परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ता है। ऐसे में अगर हम उस वक्त हेलमेट पहने रहे तो कम से कम मौत तो नहीं होगी। बेमौत तो नहीं मरेंगे। गुरुर ब्लॉक में ऐसे सड़क हादसों से बेमौत मौत ना हो इसलिए यह जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। लोगों को समझाया जा रहा है कि हेलमेट कितना जरूरी है? अगर कोई हेलमेट पहने रहते हैं और हादसे का शिकार हो भी जाते हैं तो कई बार मौत नहीं होती, वे बच जाते हैं। सिर्फ हाथ पैर में चोट आती है जो कि इलाज से एक समय बाद ठीक भी हो जाता है। लेकिन अगर हेलमेट नहीं पहने होते हैं तो अधिकतर सड़क हादसों के केस में हेड इंजुरी यानी सिर से ज्यादा खून बहने के कारण घायलों की मौके पर या अस्पताल पहुंचने तक मौत हो जाती है। यह सब बारीकी पेट्रोल पंप में पहुंचकर लोगों को समझाया जा रहा है तो वहीं पेट्रोल पंप संचालकों को भी स्पष्ट हिदायत दी जा रही है कि बिना हेलमेट वाहन चालकों को पेट्रोल देना नहीं है। इसी बहाने वाहन चालकों में हेलमेट पहनने को लेकर जागरुकता आएगी और वह सिर्फ पुलिस से बचने के लिए हेलमेट नहीं पहनेंगे बल्कि हादसों से अपनी जान बचाने के लिए हेलमेट पहनकर घर से निकलेंगे। क्योंकि उन्हें इस बात की भी चिंता रहेगी कि अगर हम हेलमेट नहीं पहने हैं तो हमें रास्ते में पेट्रोल नहीं मिलेगा और हमें भटकना भी पड़ सकता है। धीरे-धीरे ही सही लोगों में हेलमेट के प्रति एक सजगता और जागरूकता देखने को मिल रही है। लोगों की आदत में अब हेलमेट धीरे धीरे जगह बनाने लगी है।

कलेक्टर करवा रहे हैं नियमों का कड़ाई से पालन

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटना के रोकथाम सुनिश्चित कर सड़क सुरक्षा के उपाय सुनिश्चित करने हेतु प्रशासनिक अधिकारी मुस्तैद होकर इस कार्य का स्वयं माॅनिटरिंग कर रहे हैं। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा के निर्देशानुसार एसडीएम एवं पुलिस अधिकारी अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के द्वारा पेट्रोल पंपों में पहुंचकर दुपहिया वाहन चालकों को वाहन चलाते वक्त अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करने की समझाइश दी जा रही है। इसके अलावा पेट्रोल पंप संचालकों को बिना हेलमेट पहने पेट्रोल पंप में पेट्रोल एवं डीजल खरीदी हेतु आने वाले दुपहिया वाहन चालकों को किसी भी हालत में पेट्रोल नही देने के निर्देश दिए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के द्वारा इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

गुरुर क्षेत्र में यहां पहुंचे थे अधिकारी

एसडीएम गुरूर आरके सोनकर एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस तथा अन्य अधिकारियों के द्वारा विकासखण्ड मुख्यालय गुरूर स्थित अर्जुन फिलिंग प्वाईंट गुरूर, विनायक फ्यूल्स बोहारडीह, कुशाल फ्यूल्स बोहारडीह, नानकानी फ्यूल्स पुरूर एवं निर्मल फ्यूल्स चिटौद का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान अधिकारियों ने सड़क दुर्घटना के कारण पीड़ित व्यक्ति एवं उनके परिवार को होने वाली क्षति के संबंध में जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि मनुष्य का जीवन अनमोल एवं बेशकीमती है। इसलिए छोटी सी लापरवाही से अपने इस बेशकीमती जीवन का क्षति नही होने देना चाहिए। इस अवसर पर अधिकारियों ने दुपहिया वाहन चालकों को वाहन चलाते वक्त अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करने एवं नियंत्रित गति में वाहन चलाने के अलावा यातायात नियमों का भी अनिवार्य रूप से पालन करने की समझाइश दी गई। गुरुर में निरीक्षण टीम में एसडीएम, सीईओ,एसडीओपी के अलावा नगर पंचायत सीएमओ श्रीनिवास पटेल, गुरुर थाना प्रभारी सुनील तिर्की, सहित अन्य मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page