DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेसियों सहित अन्य संगठन के लोगों ने डौंडी में किया चक्काजाम

डौंडी। सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी डौंडी ने मथाई चौक पर सवा तीन घंटे तक चक्काजाम किया। मांग थी कि किसानों को पर्याप्त खाद मिले और गौठान से गायब हुए गोवंश के मामले में दोषियों पर कार्रवाई हो। कांग्रेसी कार्यकर्ता दल्ली-भानुप्रतापपुर स्टेट हाईवे पर मथाई चौक के पास सड़क पर बैठ गए। इसके बाद प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू हुई। किसानों को जल्द खाद देने की मांग की गई। वहीं गायों के गौठान से गायब होने और भाजपा नेताओं के संलिप्ता को भी उठाया। चक्काजाम के कारण दल्ली और भानुप्रतापपुर की ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बसें बंद होने से लोग पैदल चलते दिखे।

इस बीच समाज सेवी गोरेलाल सोनी ने गायों के गायब होने के मामले काे लेकर मुंडन कराया। शिवसेना के प्रदेश महासचिव चंद्रमौली मिश्रा ने कहा कि भाजपा के लोग एक ओर गाय को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग कर रहे हैं, दूसरी ओर उनके कार्यकर्ता गोकशी में लगे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। डौंडी के सरकारी गौठान से 350 गोवंश गायब हुए हैं। इस मामले में भाजपा नेता पर उंगली उठ रही है, फिर भी पार्टी चुप है। पुलिस भी राजनीतिक दबाव में कार्रवाई नहीं कर रही। सभा में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि पीयूष सोनी ने कहा कि भूपेश सरकार के समय किसानों को खाद और बीज की कभी कमी नहीं हुई। समय पर सब कुछ मिलता था। किसानों की उपज का मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल तय कर सम्मान बढ़ाया गया था। अब भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार में किसान खाद के लिए भटक रहे हैं। गांव की सोसाइटियों में 2000 बोरी की मांग है, पर सरकार सिर्फ 500 से 700 बोरी भेज रही है। इतनी कम मात्रा में खाद कैसे बांटा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार गांव-गांव में शराब दुकान खोलकर बच्चों के भविष्य से खेल रही है।

You cannot copy content of this page