बालोद| डौंडी ब्लाक में आमाडुला बांध के पास 7 जुलाई को एक युवक की लाश मिली थी, जो हत्या का मामला निकला है। पुलिस ने मृतक प्रीतराम गोटा उम्र 22 वर्ष निवासी चिहरो की हत्या के आरोप में चिहरो के ही रहने वाले तीन युवकों रितुराज मरकाम पिता रिसऊराम मरकाम, उम्र 20 वर्ष, मनोज बरिहा पिता स्व. हरिराम बरिहा उम्र 20 वर्ष,
और रूपेन्द्र कुमार सलाम पिता बिसऊराम सलाम उम्र 23 वर्ष को गिरफ्तार किया है। जिन्होंने घटना के दिन मामूली बात पर विवाद करते हुए और पुरानी रंजिश के चलते लकड़ी के मूठ और पत्थर से वार कर हत्या की थी। बुधवार को मामले का खुलासा पुलिस ने किया और तीनों आरोपियों को जेल भेजा गया। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक उमा ठाकुर, सउनि दुर्जन लाल रावटे, प्र.आर. विष्णु तारम, प्र.आर. ज्ञानेश चंदेल, आरक्षक युगल किशोर लोहले, ईश्वर भंडारी, पुकेश साहू की सक्रिय भूमिका रही।
पिता ने लिखाई थी रिपोर्ट, संदेही ही निकले हत्यारे

एसपी योगेश पटेल के निर्देशन एवं एएसपी मोनिका ठाकुर एवं नगर पुलिस अधीक्षक डॉ चित्रा वर्मा के मार्गदर्शन में थाना डौण्डी के उक्त मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए तीन आरोपियों को ज्यूडिशियल रिमांड पर भेजा गया। प्रार्थी हीराराम गोटा पिता स्व. पुनऊराम गोटा उम्र 57 वर्ष निवासी चिहरो थाना डौंडी जिला बालोद ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उनका लड़का प्रीतराम गोटा उम्र 22 वर्ष है, जो कक्षा 12वी तक पढ़ाई किया है, खेती किसानी का काम करता है,की संदेहजनक हत्या हुई है। 07 जुलाई को दोपहर करीबन 3 बजे प्रीतराम के मोबाईल में गांव के भुपेश का फोन आया तो वह घर में मोबाईल को छोडकर निकल गया, लडका रात तक घर नही आया, तब प्रार्थी अपने पत्नी के साथ गांव में खोजबीन किये पता नही चलने दिनांक 08 जुलाई को सुबह करीबन 6 बजे दोनो पति पत्नी बेटे को खोजते हुए गांव के रीतुराज मरकाम से प्रीत के बारे में पूछने गये। उसने बताया कि कल रात्रि करीबन 07-08 बजे प्रीत राम को मनोज बरिहा, रूपेन्द्र कुमार सलाम के साथ बांध तरफ देखा था तब दोनो पति पत्नी खोजते हुए बांध तरफ गये, बांध के कुछ दूरी पर मंशा राम मंडावी के भर्री खेत में प्रीतराम चित अवस्था में पडा था, चेहरा, जबडा, दाहिना भुंजा में गंभीर चोट का निशान था, मृत्यु हो गया था, पुलिस द्वारा परिजनो से पूछताछ में बताया कि गांव का मनोज बरिहा, रूपेन्द कुमार सलाम, रीतुराज मरकाम के साथ लडका प्रीतराम को देखा गया था, परिजन को शंका है कि उन्ही तीनो लडको के द्वारा प्रीतराम गोटा का लाठी पत्थर से मारकर हत्या किया है संदेहियो मनोज बरिहा, रूपेन्द कुमार सलाम, रीतुराज मरकाम को अभिरक्षा में लेकर कड़ाई से पूछताछ करने पर जुर्म स्वीकार किया।
हत्या का कारण मामूली विवाद और आपसी रंजिश
आरोपियों ने बताया कि 7 जुलाई को प्रीतराम गोटा के द्वारा बांध में मछली पकडने जाल खेला हूं, बांध तरफ छोड दो बोलने पर रितुराज मरकाम, मनोज बरिहा, रूपेन्द्र सलाम, प्रीतराम गोटा चारो एक मोटर सायकल से बांध तरफ गये, बांध के पहले मंशाराम के भर्री खेत में रूपेन्द्र सलाम का मोबाईल फोन से मनोज बरिहा के द्वारा किसी से बातचीत कर रहा था, जिसे रूपेन्द्र सलाम के द्वारा किस किस व्यक्ति से बातचीत करते हो मोबाईल को मांगने पर रूपेन्द्र सलाम, मनोज बरिहा, प्रीतराम गोटा के मध्य आपस में हाथ मुक्का से मारपीट करने लगे, मारपीट को देखकर रितुराज मरकाम बीच बचाव करते हुए मनोज बरिहा एवं प्रीतराम गोटा को हाथ मुक्का से मारपीट किया जिससे नाराज होकर प्रीतराम गोटा, रितुराज मरकाम को हाथ मुक्का से मारपीट करने लगा, जिसे देखकर मनोज बरिहा एवं रूपेन्द्र सलाम तीनो एक राय होकर प्रीतराम गोटा को हाथ मुक्का से मारपीट करने लगा, रितुराज मरकाम के द्वारा पुरानी रंजिश को लेकर पास में पडे लकड़ी के मुंठ से प्रीतराम गोटा के जबडा में जोरदार प्रहार करने पर प्रीतराम गोटा जमीन में बैठ गया, खुन निकलने लगा तभी रितुराज मरकाम ने पास के पत्थर को लाकर प्रीतराम गोटा के चेहरा में 5-6 मार रहा था, जिसे देखकर मनोज एवं रूपेन्द्र भाग गया, रितुराज मरकाम के द्वारा हत्या कर अपने घर चला गया । आरोपियों के कथनानुसार घटना में प्रयुक्त सामान को जब्त किया गया है।
