जगन्नाथपुर में जमकर हुआ बवाल, बारात के दौरान चला चाकू और ब्लेड वार, कई युवा घायल, बलवा की बन रही थी स्थिति, एक दूल्हे ने थाने पहुंच बचाई जान, देखिए माहौल का वीडियो….



इस तरह से था रविवार की रात का माहौल

देर रात पुलिस की मौजूदगी में संपन्न हुई शादी, नशे में चूर थे अधिकतर युवा, डीजे में डांस के दौरान लड़कियों से छेड़खानी के बाद विवाद शुरू होने की है चर्चा, पुलिस थाने में किसी ने नहीं लिखाई एफआईआर

बालोद। बालोद जिले के ग्राम जगन्नाथपुर में रविवार की रात को एक शादी में बारात के दौरान जमकर बवाल हुआ। एक परिवार में दो लड़कियों की शादी हो रही थी। जिसके लिए चंदखुरी (दुर्ग) और ग्राम कोकड़ी, जिला दुर्ग से अलग-अलग बारात आई थी। दोनों ही दूल्हा पक्ष के द्वारा डीजे भी लगाया गया था। इस डीजे में लोग जमकर डांस कर रहे थे। इस दौरान बारात आई लड़कियां भी थिरक रही थी।

इस बीच नशे में चूर कुछ युवाओं द्वारा लड़कियों के साथ छेड़खानी जैसी हरकत किए जाने की भी चर्चा है। जिससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए और धक्का मुक्की के साथ मारपीट शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ी कि देखते-देखते चाकू और ब्लेड से वार करना शुरू हो गया। नशे में सब एक दूसरे को मार रहे थे। बारात आई गाड़ियों के कांच तक फोड़ दिए गए। चंदखुरी के एक दूल्हे के गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई तो हालत बिगड़ते देख दूसरे दूल्हे ने बालोद पुलिस थाने पहुंचकर अपनी जान बचाई। बलवा की स्थिति बनते देख ग्रामीणों ने पुलिस को खबर दी तो वही एक डरा सहमा दूल्हा जब थाना पहुंचा तो पुलिस भी तत्काल अलर्ट हो गई।

रात में सहायक उप निरीक्षक बिहारी राम ध्रुव, आरक्षक मोहन कोकिला, आरक्षक बनवाली साहू हालात काबू करने और शांति व्यवस्था बनाने के लिए पहुंचे। उनके पहुंचने तक विवाद थम गया था। लेकिन दोनों ही दूल्हे और उनके साथ मौजूद परिजन डरे हुए थे। इसलिए पुलिस की सुरक्षा और उनकी मौजूदगी के बीच शादी कराई गई। देर रात मामला शांत हुआ। इधर घायल युवकों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सांकरा ज में उपचार के लिए पुलिस की गाड़ी से ही ले जाया गया। इस घटना में घायल जगन्नाथपुर के ही दो-तीन युवकों का सर फटा हुआ है। जब हमने उनसे दूसरे दिन घटना के संबंध में जानकारी लेनी चाही तो वे खुद को रात में नशे में होना और क्यों उसे लोगों ने मारा? क्या हुआ था? कुछ भी याद न होने की बात करने लगे तो वहीं जानकारी के अनुसार चंदखुरी से आए कार में सवार बाराती चाकू बाजी की घटना को अंजाम देने के बाद बारात को बीच में ही छोड़कर फरार हो गए थे। तो इधर कोकड़ी से आए बाराती भी हालातो को देखते हुए वधु के घर जाने तैयार नहीं थे। वे बस में ही बैठे रहे और जब पुलिस पहुंची तो फिर बिना खाना खाए ही बाराती लेकर बस वापस चली गई।

इस विवाद का मूल कारण क्या था? गलती किसकी थी? शुरुआत कैसे हुई? इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाया. गांव में रविवार को तीन-तीन बारात आई हुई थी तो वही बाराती सहित गांव के लोग भी शराब के नशे में चूर नजर आ रहे थे। डीजे पर जमकर डांस चल रहा था और इस बीच यह घटना हो गई।

दूल्हे को गाड़ी से उतरने नहीं दिया जा रहा था

जहां एक दूल्हा तो अपनी जान बचाकर बालोद थाने पहुंच गया था तो दूसरा दूल्हा जब अपनी दुल्हन के घर के पास पहुंचा तो उसे गाड़ी से उतरने नहीं दिया जा रहा था। गांव के लोग दूल्हे और ड्राइवर को मारने को आतुर थे। तो वही जिस गाड़ी में दूल्हा सवार था उस गाड़ी के मालिक कह रहे थे कि मेरी गाड़ी में तोड़फोड़ हुई है। अगर दूल्हे को बाहर निकालता हूं तो गांव वाले दूल्हे और ड्राइवर को तो पीटेंगे ही, मेरी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाएंगे। इसकी भरपाई कौन करेगा? इस बहस के साथ घराती और बाराती के बीच भी वाद विवाद की स्थिति बनती रही। दूल्हा भी पुलिस के आने का इंतजार कर ही गाड़ी से उतरने की बात पर अड़ा रहा। महिलाओं की समझाइश के बाद दूल्हे की गाड़ी को अंदर गली में घुसाते हुए मंडप के पास ले जाकर सुरक्षित उतारा गया और आगे की रस्में शुरू की गई। इधर बालोद से पुलिस टीम पहुंचने के बाद थाने पहुंचे दुल्हे को भी सुरक्षित शादी घर में लाया गया और दोनों की शादी संपन्न कराई गई।

जमकर बिका अवैध शराब, नशे के कारण ही बिगड़े हालात

जानकारी के अनुसार जगन्नाथपुर में बारात आने के बाद जमकर अवैध शराब की बिक्री हुई थी। बाराती सहित स्थानीय ग्रामीण भी कोचियों से शराब खरीदने और जाम छलकाने में मशगूल थे। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि गांव के कुछ युवक तो शराब की बोतल सिर पर रखकर डीजे के धुन पर डांस कर रहे थे। ऐसे युवाओं को नशा उतरने के बाद दूसरे दिन घटना की रात को क्या हुआ यह तक याद नहीं है या जानबूझकर ड्रामा कर रहे हैं? इस माहौल और घटना से गांव के जागरूक युवक और महिलाएं अब इस बात से चिंतिंत है कि अभी अवैध शराब बिक्री पर यह हाल है तो अगर गांव में शराब दुकान खुल जाती है तो और क्या क्या बड़ी घटना हो सकती है इसका भरोसा नहीं है।

जब डीजे गली भ्रमण में निकला तो कई लोग नशे में चूर होकर डांस कर रहे थे और यही कारण था कि मामला चाकू बाजी और ब्लेड वार तक पहुंच गया। हालत बिगड़ गए। सरपंच पति दौलत कोसमा ने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि यही वजह है कि हम गांव में शराब भट्टी खोलने की अनुमति नहीं देना चाहते हैं और अवैध शराब बिक्री पर भी पाबंदी लगाने का प्रयास कर रहे हैं।

वहीं घटना की जानकारी मिलने पर जनपद सदस्य पति सुभाष हरदेल भी मौके पर स्थिति संभालने के लिए पहुंचे थे। इधर थाना प्रभारी रविशंकर पाण्डेय ने मामले में कहा कि जगन्नाथपुर में शादी कार्यक्रम में कुछ विवाद हुआ था और विवाद के चलते ही एक दूल्हा थाने में आया था। जिसके बाद हमने पुलिस बल यहां से भेजे और शादी संपन्न हुआ।

ग्राम सभा के दौरान भी हुआ था जगन्नाथपुर में शराब को लेकर जमकर हंगामा

यह बड़ी खबर भी पढ़िए

You cannot copy content of this page