DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

कोहरे के कारण नजर नहीं आया रास्ता: मॉर्निंग वॉक पर निकले दो ग्रामीणों को गाड़ी ने रौंदा, एक की मौत,दूसरा गंभीर, चालक फरार, कंडक्टर था नींद में

बालोद/ गुरुर। कंवर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पेरपार के पास कोहरे के कारण एक बड़ी घटना हो गई। रविवार की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले पेरपार के दो ग्रामीणों को अमूल दूध कंपनी की गाड़ी ने कुचल दिया। जिससे एक व्यक्ति उदय राम पटेल उम्र 50 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा व्यक्ति राजकुमार पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल धमतरी भेजा गया। सूचना मिलते ही कंवर चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। कंवर चौकी की प्रभारी सहायक उप निरीक्षक लता तिवारी ने बताया कि दोनों ग्रामीण घर से 5:15 बजे मॉर्निंग वॉक करने के लिए निकले थे और यह घटना करीब 6:15 बजे की है। जब दोनों एक ग्रामीण लखन लाल देवांगन के घर के सामने पहुंचे थे। तभी अमूल दूध कंपनी की गाड़ी सीजी 07 सीई 6065 के चालक ने पीछे से आकर इन्हें कुचल दिया। जानकारी के अनुसार घटना के वक्त काफी कोहरा छाया हुआ था। इस वजह से हादसा होने की बात सामने आई है। कोहरे के कारण रास्ता साफ नजर नहीं आ रहा था। घटना स्थल पर उदय राम की मौत हो चुकी थी। तो वही राजकुमार पटेल को तत्काल 108 के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। जिसके सिर पर गंभीर चोट आई थी। मर्ग कायम कर लिया गया है। साथ ही संबंधित वाहन चालक के खिलाफ अपराध की धारा 281, 125 ए, 106(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार जगदलपुर से उक्त गाड़ी दूध खाली कर दुर्ग जा रही थी। मामले की जांच में गुरुर थाना प्रभारी तुलसिंह पट्टावी के निर्देशन में कंवर चौकी की प्रभारी सहायक उप निरीक्षक लता तिवारी, प्रधान आरक्षक नरेंद्र रजक, प्रधान आरक्षक ईश्वर चंद्राकर आदि जुटे रहे ।वहीं घटना में एक बात यह भी सामने आई कि हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। लेकिन उसके बगल सीट पर कंडक्टर सोया हुआ था। जिसे इस हादसे की कोई भी खबर नहीं लगी। जब ग्रामीणों की भीड़ जुटी और गाड़ी के पास जाकर देखा गया तो कंडक्टर नींद में था। उसे उठाकर घटना की जानकारी दी गई। गनीमत था कि ग्रामीणों ने उसके साथ किसी तरह से मारपीट नहीं की। वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कंवर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग में चौड़ीकरण के बाद बेलगाम वाहन दौड़ती रहती है।

You cannot copy content of this page