DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

सतही जल योजना: कलेक्टर ने गुरूर विकासखण्ड के विभिन्न ग्रामों में पहुँचकर जल संचयन के कार्य का किया अवलोकन

आनंदपुर एवं मिर्रीटोला में नहर लाईनिंग एवं खैरवाही में चेकडेम का किया निरीक्षण , किसानों के अंतिम छोर के खेतों तक सिंचाई सुविधा पहुँचाने के उपाय के संबंध में की चर्चा

बालोद/गुरुर। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने गुरुवार को गुरूर विकासखण्ड के विभिन्न ग्रामों में पहुँचकर सतही सिंचाई योजना के अंतर्गत किए जा रहे जल संचयन के कार्य का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम आनंदपुर एवं मिर्रीटोला में पहुँचकर नहर लाईनिंग के कार्य एवं ग्राम खैरवाही में चोरहा नाला में निर्मित चेकडेम का निरीक्षण कर जल संचयन के कार्यों के संबंध में जानकारी ली। श्री चन्द्रवाल ने ग्राम आनंदपुर मे नहर लाईन का निरीक्षण कर मौके पर उपस्थित महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के सहायक परियोजना अधिकारी ओमप्रकाश साहू से मनरेगा अभिसरण के तहत स्वीकृत इस नहर लाईनिंग के विस्तार के संबंध में जानकारी ली। सहायक परियोजना अधिकारी श्री साहू ने बताया कि इस नहर लाईनिंग के माध्यम से धमतरी जिले के रूद्री नहर से फीडर केनाल के माध्यम से जिन गांवों से नहर लाईनिंग गुजरती है वहाँ किसानों के अंतिम छोर के खेतों तक सिंचाई हेतु पानी पहुँचाने की व्यवस्था की जा रही है। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को इसके लिए जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित ग्राम पंचायत के सरपंच से भी आवश्यक जानकारी ली।
इसके अलावा कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने गुरूर विकासखण्ड के ग्राम खैरवाही में पहुँचकर चोराहा नाला में जल संचय हेतु निर्मित चेकडेम का भी निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने बताया कि चोराहा में इस चेकडेम के निर्माण होने से हम ग्रामवासियों को निस्तारी एवं सिंचाई हेतु पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध हो रहा है। इसके अलावा गांव के भू-जल स्तर में भी वृद्धि हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि नाले के किनारे किसानों के द्वारा शाक-सब्जी का भी उत्पादन किया जा रहा है। इसके अलावा बारिश के दौरान किसानों को धान के फसल के लिए पानी की जरूरत होने पर किसान इस नाले का पानी का उपयोग करते हैं। श्री चन्द्रवाल ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों एवं ग्रामीणों से इस नाले में आने वाले पानी के स्त्रोत एवं नाले के अंतिम छोर आदि के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि इस नाले की कुल लंबाई लगभग 45 कि.मी. है। उन्होंने कहा कि यह नाला ग्राम बासीन में पहुँचकर खारून नदी में मिल जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि अपने गांव खैरवाही के इस चोराहा नाला में चेकडेम के निर्माण होने से जब तक चेकडेम में समुचित मात्रा में पानी उपलब्ध रहता है तब तक ग्राम खैरवाही का भू-जल स्तर भी ठीक रहता है। ग्रामीणों ने इस चेकडेम को अपने लिए बहुत ही उपयोगी एवं लाभप्रद बताया।

You cannot copy content of this page