DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

दुर्ग संभाग के संयुक्त संचालक सहित संभागस्तरीय शिक्षा अधिकारियों ने किया कंजेली स्कूल का अवलोकन , बच्चों को उपलब्ध कराएं गरम कपड़े

डौंडी। जिला बालोद के विकासखंड डौंडी अंतर्गत वनांचल में स्थित कंजेली प्राइमरी स्कूल का दुर्ग संभाग के संयुक्त संचालक आर एल ठाकुर एवं संभागस्तरीय शिक्षा अधिकारियों ने अवलोकन किया। जिसमें संयुक्त संचालक शिक्षा दुर्ग आरएल ठाकुर ,उपसंचालक शिक्षा दुर्ग सहित एच एस वर्मा ,
सहायक संचालक संभाग शिक्षा दुर्ग श्री शुक्ला , बैंक मैनेजर दुर्ग आर एन शर्मा, दुर्ग डाइट से व्ही.आर मूर्ति,राज्य स्तरीय विभिन्न कार्यक्रमों के मास्टर ट्रेनर शिक्षक मिलिंद चंद्रा शामिल रहे।
इस दौरान अफसरों ने शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों जैसे – एफ एल एन, बालवाड़ी, परख नेशनल टेस्ट की तैयारी बच्चों के पठन-लेखन एवं मौखिक अभिव्यक्ति कौशल एवं बच्चों द्वारा प्रदर्शित योग अभ्यास को देखा ।

शिक्षकों को अपने कार्य में निष्ठा एवं निरंतरता बनाए रखना चाहिए

संयुक्त संचालक आर.एल ठाकुर ने विद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों की सराहना की एवं बच्चों को आशीष प्रदान करते हुए शिक्षकों को अपने कार्य निष्ठा पूर्ण करने एवं उसमें निरंतरता बनाएं रखने की बात कही। जिससे उनके अन्यत्र चले जाने पर भी शाला संचालन इसी प्रकार से हो सके।

बच्चों को बांटे गरम-कपड़े, शैक्षणिक सामग्री एवं फल

दुर्ग डाइट से आए व्ही.आर मूर्ति एवं अधिकारियों द्वारा बच्चों को गर्म कपड़े ,पेंसिल,कलर पेंसिल एवं फल उपलब्ध कराए गए। व्ही.आर .मूर्ति द्वारा इसके पूर्व भी विद्यालय में विभिन्न अवसरों पर सत्र 2022 से अब तक 5 से अधिक बार न्योता भोज कराया जा चुका है। सभी अधिकारी वर्गों ने विद्यालय की गतिविधियों, बच्चों से सवाल-जवाब में निर्भीक वार्तालाप, शिक्षकों के कार्य एवं विद्यालय में विकसित किए गए ,पोषण वाटिका,शैक्षणिक एवं स्वच्छ वातावरण की सराहना की।

गर्म कपड़ों का उपहार पाकर खुश हुए बच्चे

ठंड के मौसम में गर्म कपड़े का उपहार पाकर सभी बच्चे खुश हुए । साथ ही विद्यालय की ओर स्थानीय स्तर पर उपलब्ध फल एवं सब्जियां भेंट कर आए हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।

बच्चों, पालको शाला अवलोकन में आने वाले अधिकारीगणों एवं आगंतुकों की संतुष्टि ही हमारे लिए सच्चा पुरस्कार है

शाला की प्रधान पाठक ममता सोनेश्वर ने सभी अधिकारी वर्गों का समय निकाल कर शाला अवलोकन करने एवं बच्चों के लिए उपहार लाने हेतु आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि बच्चों के चेहरे पर प्रसन्नता, पालकों एवं आगंतुको की संतुष्टि ही हमारे लिए श्रेष्ठ पुरस्कार है।

You cannot copy content of this page