
बालोद। तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान दिन-रात बैठकर दिल्ली मे आंदोलन कर रहे है, उनको सहयोग करने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर एनएसयूआई द्वारा पूरे प्रदेश भर में एक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत प्रदेश के किसानों को एनएसयूआई द्वारा जागरूक किया जाएगा और एनएसयूआई के माध्यम से दिल्ली में संघर्ष कर रहे किसानों की मदद की जाएगी।

इस कार्यक्रम के तहत एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा के निर्देशानुसार बालोद एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष कुलदीप यादव के मार्गदर्शन में एक रुपया एक पैली धान देकर-बढ़ाए किसानों का सम्मान अभियान का कार्यक्रम किया जा रहा है। एनएसयूआई बालोद विधानसभा अध्यक्ष शुभम मिश्रा के नेतृत्व में औराभाटा, मेडकी, जूंगेरा सहित कई धान केंद्रों में केंद्र की भाजपा सरकार के तीन काले कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे किसानों का समर्थन किया गया।

छत्तीसगढ़ के किसानों से एक पैली धान एवं एक रुपया सहयोग के रूप में लिया गया। जिसमें किसानों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। उक्त कार्यक्रम में बालोद एनएसयूआई के जिला सयोंजक तिलक देशमुख, देवेंद्र साहू, राजेंद्र ठाकुर, लक्की सिन्हा, ऋषभ नेताम, हसद सिद्दकी, विशाल, रोशन एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित हुए।
5 दिन तक इस तरह चलेगा कार्यक्रम
● धान खरीदी केंद्रों पर टेबल, कुर्सी, रजिस्टर (एंट्री करने हेतु), सील बॉक्स (धन एकत्रित करने हेतु), झण्डा, पम्पलेट एवं बैनर लेकर बैठेंगे एनएसयूआई के कार्यकर्ता।
● किसान आंदोलन में समर्थन स्वरूप किसान से न्यूनतम “एक रुपये एवं एक पैली धान लिया जाएगा।
● विभिन्न केन्द्रो में प्रतिदिन विभिन्नरूप के कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
● एनएसयूआई को 05 जनवरी से 09 जनवरी तक प्रत्येक केंद्रों पर पदाधिकारीयों को ज़िम्मेदारी देकर, प्रतिदिन रिपोर्ट लेकर प्रदेश मुख्यालय भेजना हैं।
● 10 जनवरी को प्रत्येक केंद्रों व ब्लाक से एकत्रित कर, समस्त धान एवं धन को प्रदेश मुख्यालय भेजना हैं।
● 11 जनवरी को रायपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके धान एवं पैसे को दिल्ली पहुंचाया जाएगा।
