अब पशु मालिकों द्वारा अपने अहाते में पशुओं को न रखने पर होगी कार्रवाई, सड़कों में घूमने वाले पशुओं को ले जाया जाएगा गौठान
बालोद। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर आज नगर पालिका परिषद बालोद द्वारा नगर की सड़कों पर विचरण कर रहे घुमंतू पशुओं के कारण उत्पन्न समस्या के रोकथाम हेतु पुख्ता उपाय किया गया। अब पशु मालिकों द्वारा अपने अहाते में पशुओं को न रखने पर होगी कड़ी कार्रवाई। सड़कों में घूमने वाले पशुओं को गौठान ले जाने की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध मे नगर के सभी वार्डों में मुनादी कर सूचना प्रसारित की गई है। आज 27 जुलाई की संध्या से नगर पालिका परिषद बालोद अंतर्गत अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई शुरू कर दी गई है। नगर पालिका परिषद बालोद के अध्यक्ष श्री विकास चोपड़ा, एसडीएम श्रीमती शीतल बंसल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी बालोद श्री सुनील अग्रहरि सहित नगर पालिका बालोद, पशुपालन विभाग, यातायात विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, समाजसेवी युवाओं द्वारा नगर के मुख्य मार्गों में घूम रहे पशुओं को एकत्रित करते हुए गौठान ले जाया गया। गौठान में पशुओं के रखरखाव हेतु आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा ने संयुक्त टीम द्वारा आज की गई कार्रवाई का अवलोकन करने गौठान पहुंचे। उन्होंने वहां टीम द्वारा की गई कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए सभी सहभागी लोगों का उत्साहवर्धन किया। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा वे इस प्रकार की कार्रवाई नियमित रूप से जारी रखें। नगर में घुमंतू पशुओं के विचरण के कारण लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की समस्या नही होनी चाहिए।
कलेक्टर ने एक दिन पहले ही दिए थे अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश

बालोद जिले में सड़कों पर विचरण कर रहे घुमंतू पशुओं के कारण उत्पन्न समस्या से निजात दिलाने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। इस संबंध में कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा ने आज संबंधित विभाग की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए है। उन्होंने अधिकारियों को इसके लिए जिले में प्रभावी एवं पुख्ता कदम उठाने के भी निर्देश दिए है। बैठक में कलेक्टर श्री शर्मा ने उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं सहित अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों को इसके लिए जरूरी कदम उठाने को कहा। उन्होंने जिले के सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को प्रतिदिन नगर का भ्रमण कर इसके लिए जरूरी उपाय सुनिश्चित करने को कहा। श्री शर्मा ने सड़क दुर्घटना के रोकथाम हेतु राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को जिले से गुजरने वाली राष्ट्रीय राजमार्गों में स्ट्रीट लाईट आदि की समुचित व्यवस्था के अलावा सड़क निर्माण से जुड़े विभाग के अधिकारियों को सड़कों का ठीक तरह से मरम्म्त आदि कराने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. रेणुका श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
