गुरुर। गुरुर थाना क्षेत्र के ग्राम चिरचारी में ग्रामीणों के मुताबिक बच्चा चोरी की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस ने इसे अफवाह बताते हुए संबंधित संदेही व्यक्ति के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धारा 151 के तहत कार्रवाई की है। ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार को सिर्राभांठा का रहने वाला एक व्यक्ति अरविंद ठाकुर बाइक में चिरचारी के दो बच्चियों को चॉकलेट देने के बहाने बैठाकर करहीभदर तक ले गया था। जहां पेट्रोल खत्म होने पर वह पेट्रोल डलवाने पंप के पास रुका था। इस बीच गांव के 3 लोगों ने बच्चियों को पहचान लिया और फिर संदेही को पकड़ लिया। फिर उसे गांव लाया गया। ग्रामीणों ने फिर बच्चा चोरी करने का आरोप लगा कर उसकी पिटाई भी कर दी। मामले की खबर मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और उसे पूछताछ के लिए थाने ले गई। मामले में जांच करने वाले विवेचक विश्वजीत मेश्राम का कहना है कि बच्चा चोरी का अफवाह उड़ा था। संदिग्ध रूप में व्यक्ति घूम रहा था। जिस पर 151 की धारा के तहत कार्यवाही की गई है। उधर सरपंच यशवंत पुरी गोस्वामी ने बताया चिरचारी में लगभग 2 बजे 2 बच्ची को संदिग्ध व्यक्ति उठा कर ले जा रहा था। छह सात साल की दोनो बच्ची को ग्राम के तीन युवक अरुण आर्य , डीलेश यादव,सागर सिहरे ने पहचान लिया और अपनी सूझबूझ के परिचय देते हुए जान की परवाह न करते हुए तीनों ने पेट्रोल पंप करहीभदर में बच्चियों को बचाकर संदेही को धर दबोचा। इन तीनों के संघर्ष को देखकर उन्हें 5000 रुपए का सम्मान राशि दिया गया।
दो बच्चियों को संदेही ले जा रहा था बाइक में, ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझ पकड़ा, पुलिस ने कहा अफवाह था, प्रतिबंधात्मक धारा के तहत की गई कार्रवाई
