नेशनल हाईवे के ठेकेदार ने पार की हद,सड़क की मिट्टी खोद बना दी खेतों में पहाड़



कुसुमकसा से गुजरा तक 3 किलोमीटर तक ऐसा ही हाल,जनपद सदस्य संजय बैस ने दी आंदोलन की चेतावनी

बालोद/ दल्ली राजहरा। दल्ली राजहरा क्षेत्र में ग्राम कुसुमकसा से लेकर गुजरा तक करीब 3 किलोमीटर तक सड़क किनारे नेशनल हाईवे से जुड़े ठेकेदार द्वारा चौड़ीकरण के लिए खुदाई की गई है। लेकिन सड़क की मिट्टी को अन्यत्र शिफ्ट करने के बजाय उन्हें किसानों के खेतों में ही डाल दिया गया है। इससे पूरे खेत किनारे ऊंचा पहाड़ जैसा नजारा हो गया है। जिसके ढेर करीब 15 फीट ऊंचे हैं। इस आलम में किसान खेती नहीं कर पा रहे हैं। किसी को खेतों में ट्रैक्टर ले जाना है, कहीं कुछ काम करने जाना है, पर वहां जाने में परेशानी हो रही है। गाड़ी ले जाते नहीं बन रहा है। इन सब हालातों को देखते हुए क्षेत्र के जागरूक जनपद सदस्य संजय बैस ने किसानों के साथ मिलकर इस मुद्दे पर आंदोलन की चेतावनी दी है। और कहा है कि अगर ठेकेदार ने सुध नहीं ली तो सड़क पर उतरेंगे। सड़क चौड़ीकरण के लिए मिट्टी खोदकर वहां समतलीकरण के तहत मुरूम डाला जाता है।

विभाग से जुड़े ठेकेदार द्वारा मुरुम तो डाल दिया गया है लेकिन जो मिट्टी निकाली गई थी उसे अपनी व्यवस्था के तहत दूसरी जगह ले जाना था। लेकिन काम और खर्चा बचाने के लिए उन्हें सड़क किनारे खेतों में ही उड़ेल दिया गया है। इससे किसानों ने जो फसल लगाई थी वह भी बर्बाद हुई है। वर्तमान में नई खेती करने के लिए उन्हें जाने के लिए रास्ता भी नहीं मिल रहा है। कुसुमकसा से गुजरा तक पूरा यही हाल है। किसान कह रहे हैं ठेकेदार ने तो हद पार कर दी है। अब बर्दाश्त नहीं होता है। अगर मिट्टी नहीं हटाई जाएगी तो आंदोलन के लिए सड़क पर ही उतरेंगे। कई बार कहने के बाद भी ठेकेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। जनपद सदस्य ने कहा कि डेढ़ माह से यही हालत है। पर संबंधित विभाग के ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं। जो अब बर्दाश्त से बाहर हो रहा है। किसानों के हित में वे आंदोलन करेंगे। उन्होंने स्वयं खेत जाकर किसानों की समस्या का अवलोकन किया और पाया कि मेड़ व खेतो में मिट्टी के ऊंचे ढेर लगे हुए हैं। जिससे किसानों को खेत में जाना दूभर हो गया है। वहां काम भी नहीं कर पाते ना वहां ट्रैक्टर या कोई गाड़ी जा पाती है। रास्ता ही पूरा बाधित हो गया है। किसान तिलक साहू, बिरझु राम, बोध राम कोठारी सहित कई किसान ठेकेदार की लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे हैं।

मामले की शिकायत कलेक्टर से भी हुई

क्षेत्र के जनपद सदस्य संजय बैस ने कलेक्टर को पत्र प्रेषित कर मांग किया है कि एन एच् 930 सड़क का कार्य प्रगति पर है और सड़क के किनारे मिट्टी खोद कर किसानों के खेत पर डाल दिये है। जिससे किसानों को अपने कृषि कार्य करने के लिये तकलीफ हो रही है और लापरवाही की हद ये है मिट्टी डालने के पूर्व किसी भी किसान से न सहमति लिया गया न किसी पंचायत को सूचित किया गया। ठेकेदार सिर्फ अपनी मनमर्जी कर रहा है। मिट्टी का ढेर खेतो में पड़े रहने से न किसान खेतो में टेक्टर ले जा पा रहे है न किसी भी प्रकार का किसानी कार्य कर पा रहे है। नेशनल हाइवे सड़क पर धूल का गुब्बार से भरा रहता है। आने जाने वालों राहगीरो को आने जाने में भी बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टेंकर से पानी नही डालने से रोड भर धूल रहता है। कई बार विभाग के अधिकारियों को सूचित करने के बाद भी प्रशासन के लोग गहरी नींद ले रहे है। लगता है इन लोगो को किसानों से कोई मतलब नही है। जनपद सदस्य संजय बैस ने मांग किया कि यथा शीघ्र खेतो में पड़े मिट्टी को हटाया जाए और निर्माणधीन सड़को पर टेंकर से पानी डालने की व्यवस्था किया जाए। नही तो किसानों और क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेंगे। जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

You cannot copy content of this page