DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

2 महीने पहले मिला था प्रभार, अब फिर बदल गए बालोद जिले के शिक्षाअधिकारी, वसंत बाग को हटाकर रश्मि वर्मा को जिम्मेदारी

बालोद। बालोद जिले के शिक्षा विभाग में फिर से फेरबदल हो रहा है। 3 माह के भीतर यहां चौथे व्यक्ति को बालोद डीईओ का प्रभार दिया जा रहा है। 2 माह पहले जब बालोद के बीईओ बसंत कुमार बाग को डीईओ का प्रभार दिया गया तो उसी दौरान एक महीने में ही 3 फेरबदल हुए थे। अब दो महीने बाद ही बसंत बाग को हटाकर डिप्टी कलेक्टर रश्मि वर्मा को जिला शिक्षा अधिकारी का प्रभार दिया जा रहा है। इसके लिए आदेश भी जारी हो गया है। ज्ञात हो कि रश्मि वर्मा पूर्व में बालोद में तहसीलदार के रूप में पदस्थ थी। फिर पदोन्नत होकर वे डिप्टी कलेक्टर बनी व ट्रेनिंग के बाद अब उन्हें जिला शिक्षा विभाग का दायित्व दिया जा रहा है। बता दें कि जब से बालोद बीईओ बसंत बाग को डीईओ के रूप में पदस्थ किया गया था तब से लगातार शिक्षा विभाग विवादों व सवालों के घेरे में था। उनके कार्यकाल के दौरान कई तरह की गड़बड़ियों के मामले भी सामने आए। आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। अनुकंपा नियुक्ति में भी सवाल उठे तो साथ ही गलत ढंग से अपने ही विभाग के कर्मचारियों पर कार्यवाही को लेकर भी चर्चा में आ गए थे। जिसके चलते लगातार उनका कार्यकाल असंतोषजनक रहा व जिले में शिक्षा विभाग की छवि भी धूमिल होती रही। उनके कार्यकाल में एक महिला स्टाफ को अभद्र मैसेज करने वाले बाबू को निलंबन के नाम पर मामूली कार्यवाही के बाद अपने ही दफ्तर में पोस्टिंग देने का मामला भी जमकर सोशल मीडिया में छाया रहा। चर्चा है कि उनके कार्यों से असंतुष्ट होकर अब प्रशासन द्वारा डिप्टी कलेक्टर रश्मि वर्मा को जिम्मेदारी दी जा रही है। ज्ञात हो कि 2 माह पहले डीईओ आरएल ठाकुर को निलंबित करने के फलस्वरूप राजीव गांधी शिक्षा मिशन, समग्र शिक्षा के जिला समन्वयक पीसी मरकले को प्रभार दिया गया था।उसके बाद प्रशासनिक दृष्टिकोण से जिले में शासन स्तर से नए डीईओ की पदस्थापना होने तक बीईओ बसंत बाघ को उनके वर्तमान दायित्यों के साथ ही डीईओ का प्रभार आगामी आदेश पर्यन्त सौंपा गया था। विभागीय जानकारी के अनुसार वर्क लोड के चलते यह निर्णय लिया जाना बताया गया था। पर बीईओ बसंत बाग 3 माह भी डीईओ के रूप में टिक नही पाए।

You cannot copy content of this page