बालोद । जगन्नाथपुर से पापरा सहित आसपास के विभिन्न छोटी-छोटी सड़कों को अब बहुत जल्द प्रधानमंत्री सड़क योजना व पीडब्ल्यूडी के माध्यम से बनाया जाएगा। इस नए बजट में संबंधित विधानसभा क्षेत्र के विधायकों के प्रयास से उन सड़कों को बनवाने के लिए बजट में शामिल किया गया है। जगन्नाथपुर से पापरा मार्ग को 9 करोड़ में बनाने की योजना प्रस्तावित है। इस राशि से उक्त मार्ग का नवीनीकरण व चौड़ीकरण होगा। परसदा से पापरा के बीच आज तक सड़क नहीं बनी है। परसदा के घुराउ राम गंगबेर ने कहा आजादी के बाद भी यहां गिट्टी मुरुम की सड़क से काम चलाया जा रहा है। बरसात में रास्ता चलने लायक नहीं होता है। इसे पापरा में बने ओवरब्रिज का लाभ तक ग्रामीणों को नहीं मिल पाता और इस रास्ते से आवागमन नगण्य है। अब सड़क चौड़ीकरण व नई बनेगी तो फिर आवागमन भी बढ़ेगा। जगन्नाथपुर के शंकर गौतम, उमराव साहू, दानी राम देशमुख, हेमन्त सोनलोई ने कहा जगन्नाथपुर से सुरेगांव मार्ग आसानी से जुड़ेगा। जहां जाने के लिए अभी लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इसी तरह गड़ईनडीह से घीना पहुंच मार्ग 3 किलोमीटर का भी दो करोड़ 20 लाख रुपए से निर्माण होगा। यहां के ग्रामीणों में इस बात की खुशी है कि हमें पहली बार पक्की सड़क की सुविधा मिलने जा रही है। यह सड़क बनने के साथ पुल पुलिया भी बनेगा। जहां अभी बाढ़ का खतरा रहता है। अब सारी मुसीबतें दूर हो जाएगी। यहां के पूर्व सरपंच जितेंद्र कुमार नागेंद्र, खिलु राम कोठारी ईमन रावटे, चुरेंद्र कुमार देवहारी, गुमान सिंह तारम, पितांबर कोसमा, ढाल सिंह नागेंद्र, तुलाराम कोठारी, चोवा राम रावटे, रूपसिंह नागेंद्र, चिन्तु राम नागेंद्र सहित अन्य ग्रामीणों ने उक्त मार्ग को मार्च बजट में जुड़वाने पर विधायक व संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद का आभार जताया तो वही जगन्नाथपुर से पापरा सहित अन्य छोटी सड़को के निर्माण के लिए ग्रामीणों ने विधायक संगीता सिन्हा का आभार माना है। जिनके प्रयास से वर्षो से उपेक्षित सड़कों का डामरीकरण और चौड़ीकरण होगा।
इन सड़कों के मजबूतीकरण एवं डामरीकरण कार्य बजट में शामिल

विधायक संगीता सिन्हा ने बताया जगन्नाथपुर पापरा मार्ग के अलावा चंदनबिरही पहुंच मार्ग के लिए 3 करोड़, चंदनबिरही में पुलिया निर्माण के लिए 2.50 करोड़, भानपुरी-सुर्रा मार्ग के मजबूतीकरण एवं डामरीकरण के लिए 2 करोड़, खुंदनी-डढ़ारी मार्ग 3.50 करोड़, पेंवरो से बोड़रा मार्ग के लिए 3.50 करोड़, जामगांव से चिरईगोड़ी मार्ग के लिए 2 करोड़, पड़कीभाट से मोहारा मार्ग के लिए 3.50 करोड़ , सिवनी से कलेक्टोरेट पहुंच मार्ग के लिए 4.50 करोड़, रानीमाई-सियादेही-बड़भूम मार्ग के लिए 4.50 करोड़, पड़कीभाट से पोण्डी मार्ग के लिए 7 करोड़ रू. का प्रावधान बजट में किया गया है।
नहर नालियों का भी होना जीर्णोद्धार
इसी प्रकार विधायक के प्रस्ताव के आधार पर क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए महानदी प्रदायक नहर के आरडी 25 से 42 कि.मी. तक जीर्णोद्धार, लाईनिंग, शाखाओं के जीर्णोद्धार एवं पक्के संरचनाओं के नवीनीकरण के लिए 8 करोड़, महानदी प्रदायक नहर के दॉंये तट पर पक्की सड़क निर्माण आरडी 00 कि.मी. से 42.20 कि.मी. तक के लिए 7 करोड़ रू., कंवरहट शाखा नहर के आरडी 11.20 किमी से 17.52 किमी तक इसके समस्त शाखा एवं उपशाखा नहरों के नवीनीकरण, उन्नयन एवं लाईनिंग कार्य के लिए 5 करोड़, परसदा माइनर के लाईनिंग एवं संरचना मरम्मत के लिए 3 करोड़, तमोरा माइनर के लाईनिंग एवं संरचना मरम्मत के लिए 3 करोड़, पिकरीपार माइनर के लाईनिंग एवं संरचना मरम्मत के लिए 3 करोड़, टेकापार में एनीकट कम काजवे के निर्माण के लिए 12 करोड़, खरखरा जलाशय की क्षमता बढ़ाने हेतु अतिरिक्त कार्य के लिए 52 करोड़, खरखरा फीडर नहर लाईनिंग मरम्मत के लिए 2.90 करोड़ रू. का प्रावधान बजट में किया गया है।
