‘मन की बात’ केवल संवाद नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का जनआंदोलन — यशवंत जैन
“जब मन में संकल्प हो और समाज का साथ मिले, तब कोई भी बड़ा बदलाव संभव है” — चेमन देशमुख

बालोद, 28 जून। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड का प्रसारण रविवार को बालोद जिले में उत्साह, जनभागीदारी और संगठनात्मक सक्रियता के साथ सुना गया। भारतीय जनता पार्टी जिला बालोद द्वारा जिले के विभिन्न मंडलों एवं बूथों पर सामूहिक श्रवण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
इसी क्रम में भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश महामंत्री श्री यशवंत जैन बालोद विधानसभा के ग्राम सिवनी स्थित बूथ क्रमांक 93 पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री के विचारों को सुना। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष श्री चेमन देशमुख, जिला महामंत्री श्री राकेश छोटू यादव, श्री सौरभ लुनिया सहित जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रम में शामिल हुए। बालोद शहर मंडल के बूथ क्रमांक 24 से 47 तक सामूहिक श्रवण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
प्रधानमंत्री ने राष्ट्र निर्माण, आत्मनिर्भरता और जनभागीदारी पर दिया जोर

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में भारत ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, भारतीय नौसेना में स्वदेशी युद्धपोतों के शामिल होने तथा डीआरडीओ की स्वदेशी लॉन्ग रेंज लैंड अटैक क्रूज मिसाइल के सफल परीक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अपनी सुरक्षा क्षमता को लगातार मजबूत कर रहा है।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की सफलता का उल्लेख करते हुए बताया कि इस वर्ष विश्वभर में लाखों स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित हुए तथा भारत ने विश्व योगासन चैंपियनशिप में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि ये योजनाएं करोड़ों परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर रही हैं।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने वैज्ञानिक सोच, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, युवाओं को खेलों से जोड़ने तथा भारतीय संस्कृति और तकनीक के समन्वय पर भी बल दिया।
‘मन की बात’ समाज को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम — यशवंत जैन
कार्यक्रम के पश्चात भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री यशवंत जैन ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं बल्कि देश के जन-जन को जोड़ने वाला प्रेरणादायी अभियान है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा जल संरक्षण, आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण जागरूकता और सामाजिक सहभागिता को लेकर दिए गए संदेश समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बन सकते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से इन संदेशों को अपने जीवन में अपनाने का आग्रह किया।
संकल्प और सामूहिक प्रयास से आता है बदलाव — चेमन देशमुख
भाजपा जिला अध्यक्ष श्री चेमन देशमुख ने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार समाज को नई दिशा देने वाले हैं। उन्होंने कहा—
“जब मन में संकल्प हो और समाज का साथ मिले, तब कोई भी बड़ा बदलाव संभव है।”
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ का उद्देश्य समाज में सकारात्मक सोच, जिम्मेदारी और राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करना है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, बूथ अध्यक्षों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाजहित एवं राष्ट्रहित में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।








