DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

मुख्य सचिव से पहचान बताकर नौकरी दिलाने का झांसा: 5.50 लाख की ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार

फर्जी ऑफर लेटर दिखाकर 3 लोगों से ली रकम, जांच में 7 लोगों से 25.50 लाख लेने का खुलासा

बालोद। शासकीय नौकरी लगाने का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में बालोद पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपिया स्वयं को छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव से पहचान होना बताकर लोगों को नौकरी दिलाने का भरोसा देती थी। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार 28 जून 2026 को प्रार्थिया डामिन साहू (37 वर्ष), निवासी मरारपारा बालोद थाना पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई। उनके साथ बिंदु दुबे और ललिता गजेंद्र भी उपस्थित थीं। शिकायत में बताया गया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले उनकी मुलाकात परिचित योगेश साहू निवासी नयापारा बालोद से हुई थी।

योगेश साहू ने उन्हें बताया था कि उन्होंने कंप्यूटर शिक्षक के पद पर नौकरी लगाने के लिए एक महिला को रुपये दिए हैं। इसके बाद तीनों महिलाएं 5 मार्च 2026 को पांडेपारा बालोद निवासी श्रीमती लता धीवर से मिलीं।

आरोप है कि लता धीवर ने अपनी पहचान छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव से होना बताकर सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। प्रार्थिया को कृषि विभाग, जबकि बिंदु दुबे और ललिता गजेंद्र को जिला अस्पताल बालोद में नौकरी दिलाने की बात कही गई। इसके एवज में प्रत्येक से लाखों रुपये की मांग की गई।

शिकायत के अनुसार डामिन साहू ने 2 लाख रुपये, बिंदु दुबे ने 1.50 लाख रुपये और ललिता गजेंद्र ने 2 लाख रुपये दिए। इस प्रकार कुल 5 लाख 50 हजार रुपये लेने के बावजूद किसी को नौकरी नहीं मिली और न ही राशि वापस की गई।

जांच में सामने आया बड़ा खुलासा

पुलिस विवेचना के दौरान आरोपिया श्रीमती लता धीवर पति आकाश धीवर (36 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 05, ओम किराना दुकान के पास, पांडेपारा बालोद से पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर नौकरी लगाने के नाम पर 7 लोगों से कुल 25 लाख 50 हजार रुपये प्राप्त किए थे।

जांच में यह भी सामने आया कि प्राप्त राशि में से 23 लाख 92 हजार 500 रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए थे तथा आरोपिया को लगभग 1 लाख 57 हजार रुपये कमीशन प्राप्त हुआ था।

पुलिस ने आरोपिया के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वीवो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है। अपराध स्वीकार किए जाने पर महिला को 29 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस की अपील— नौकरी दिलाने के नाम पर मांगी गई राशि से रहें सावधान

बालोद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नौकरी लगाने, पहचान या प्रभाव का दावा करने वाले व्यक्तियों से सावधान रहें। किसी भी शासकीय भर्ती प्रक्रिया में सीधे विभागीय सूचना और आधिकारिक प्रक्रिया पर ही भरोसा करें।

इनकी रही कार्रवाई में विशेष भूमिका

प्रकरण की गिरफ्तारी और विवेचना कार्रवाई में निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, सउनि सुरज साहू, प्रधान आरक्षक योगेश सिन्हा, आरक्षक लक्ष्मण साहू, महिला आरक्षक ममता ठाकुर एवं महिला आरक्षक जागृति ठाकुर का विशेष योगदान रहा।

You cannot copy content of this page